देश की खबरें | इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की दादरी-पानीपत पाइपलाइन में गैस लीक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में बाढ़ग्रस्त यमुना नदी के तल के नीचे से गुजर रही एक पाइपलाइन में बुधवार तड़के गैस का रिसाव हो गया, जिसके परिणामस्वरूप एक निश्चित दूरी से पानी का फव्वारा दिखने लगा।

नयी दिल्ली, 26 जुलाई उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में बाढ़ग्रस्त यमुना नदी के तल के नीचे से गुजर रही एक पाइपलाइन में बुधवार तड़के गैस का रिसाव हो गया, जिसके परिणामस्वरूप एक निश्चित दूरी से पानी का फव्वारा दिखने लगा।

दादरी-पानीपत लाइन की संचालक इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) ने दोनों सिरों पर आपूर्ति को बंद कर दिया ताकि रिसाव को रोका जा सके। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

कंपनी ने बयान जारी कर कहा, ''उत्तर भारत में भारी बारिश और यमुना नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर की वजह से आज (बुधवार) तड़के चार बजकर 37 मिनट पर बागपत जिले के जागौस गांव में यमुना नदी से गुजरने वाले खंड में आईओसी की दादरी-पानीपत प्राकृतिक गैस पाइपलाइन में रिसाव होने की जानकारी मिली।''

बयान के मुताबिक, लगातार बारिश और जलस्तर में वृद्धि की वजह से मौके पर पहुंचना नामुमकिन था, इसलिए दादरी-पानीपत प्राकृतिक गैस पाइपलाइन के संचालन को तुरंत बंद कर दिया गया। जिसके बाद रिसाव बंद हो गया।

इसमें कहा गया है कि अधिकारियों का एक दल स्थानीय प्रशासन के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंच गया है।

आईओसी ने बताया, ''जलस्तर में कमी और मौके का निरीक्षण करने के बाद ही संदिग्ध तौर पर हुए रिसाव के सटीक कारणों का पता चल पाएगा।''

कंपनी ने बताया कि संदिग्ध गैस रिसाव की वजह से नदी का पानी गंदा नहीं हुआ है।

आईओसी ने बताया, ''वैकल्पिक स्त्रोत के माध्यम से गैस की आपूर्ति की जा रही है और कुछ देर में आपूर्ति को फिर से बहाल कर दिया जाएगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\