गैस लीक मामला : विशेषज्ञों ने प्रभावित क्षेत्र से हर किसी को हटाने का सुझाव दिया
पर्यावरणविदों का कहना है कि यह गैस काफी घातक है और यह तुरंत तथा दीर्घावधि में लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है।
नयी दिल्ली, सात मई पर्यावरणविदों ने सलाह दी है कि विशाखापत्तनम में जिस कारखाने से स्टाइरीन गैस का रिसाव हुआ है, उसके आसपास के क्षेत्र से सभी लोगों को तत्काल हटाया जाना चाहिए।
पर्यावरणविदों का कहना है कि यह गैस काफी घातक है और यह तुरंत तथा दीर्घावधि में लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है।
सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई) की महानिदेशक सुनीता नारायण ने कहा कि अगर यह गैस हवा में मौजूद ऑक्सीजन के साथ प्रतिक्रिया करती है तो यह और अधिक खतरनाक हो सकती है।
उन्होंने कहा कि लोगों को वहां से हटाने की जरूरत है। उन्होंने लोगों को गीले मास्क पहनने की सलाह दी।
सीएसई के शोधकर्ता एस रामनाथन ने कहा कि गैस अब भी हवा में है और इसका हल्का असर भी लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने गीला मास्क पहनने की सलाह दी और कहा कि चीजों के सामान्य होने तक सावधान रहना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘इसका प्रभाव कुछ दिन तक रहेगा। लोगों को कम से कम अगले तीन दिन तक अत्यधिक सावधानी बरतनी चाहिए। यदि संभव हो तो आसपास के क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाना चाहिए, लेकिन मौजूदा हालात में ऐसा करना भी मुश्किल होगा।’’
उल्लेखनीय है कि आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक फैक्टरी से गैस लीक होने से 11 लोगों की मौत हो गयी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2020 09:49 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

