देश की खबरें | दिल्ली के बवाना में गैंगस्टर मंजीत महल के भतीजे की गोली मारकर हत्या

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गैंगस्टर मंजीत महल के भतीजे की शुक्रवार सुबह बवाना इलाके में कथित तौर पर अज्ञात हमलावरों ने उसकी बेटी के सामने गोली मारकर हत्या कर दी। हमले में उसकी 10 वर्षीय बेटी भी गोली लगने से घायल हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 27 जून गैंगस्टर मंजीत महल के भतीजे की शुक्रवार सुबह बवाना इलाके में कथित तौर पर अज्ञात हमलावरों ने उसकी बेटी के सामने गोली मारकर हत्या कर दी। हमले में उसकी 10 वर्षीय बेटी भी गोली लगने से घायल हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान दीपक (43) के रूप में हुई है।

यह मामला कपिल सांगवान उर्फ ​​नंदू गिरोह और मंजीत महल गिरोह के बीच प्रतिद्वंद्विता से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि दीपक का हाल में महल से किसी तरह का संपर्क नहीं हुआ था और वह पहले किसी आपराधिक मामले में शामिल नहीं था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दीपक अपनी 10 वर्षीय बेटी के साथ सुबह की सैर पर गया था, तभी घर से करीब 700-800 मीटर दूर अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी।

अधिकारी ने बताया, "दीपक को कई गोलियां लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले के दौरान उसकी बेटी के हाथ में गोली लग गई, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।"

पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हमलावरों की पहचान करने तथा उन्हें पकड़ने के लिए कई टीम गठित कर दी गई हैं।

पुलिस ने कहा कि गोलीबारी के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है।

अधिकारी ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने अपराध स्थल की जांच की है और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

सूत्र ने बताया, "दीपक पेशे से शेयर कारोबारी था और महल का भतीजा भी था। कई टीम इस बात की जांच कर रही हैं कि गोलीबारी की वजह क्या थी। क्या यह संपत्ति से जुड़ा मामला था या गिरोह की गतिविधियों का मामला था।’’

दीपक के परिवार में पत्नी, दो बच्चे और माता-पिता हैं।

सूत्रों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में नंदू गैंग और मंजीत महल गैंग के बीच कोई गैंगवार नहीं हुआ है। दोनों गैंगस्टर सालों से एक-दूसरे से दुश्मनी रखते हैं और उनकी प्रतिद्वंद्विता के कारण एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

कुख्यात गैंगस्टर नंदू, जो पहले से ही रेड कॉर्नर नोटिस के तहत वांछित है, इस मामले में एक प्रमुख संदिग्ध है।

नंदू ने दो वर्ष पहले हरियाणा के राजनीतिक दल इंडियन नेशनल लोकदल के नेता नफे सिंह राठी की हत्या की जिम्मेदारी ली थी, साथ ही पश्चिम विहार में एक बिल्डर की हत्या सहित कई अन्य अपराधों की भी जिम्मेदारी ली थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\