Odisha Shocker: भुवनेश्वर में 13 साल की नाबालिग लड़की से मां के सहकर्मियों सहित 5 अन्य ने किया बलात्कार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भुवनेश्वर में 13 साल की नाबालिग लड़की से एक पुलिसकर्मी समेत सात लोगों द्वारा कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। यह घटना मार्च-अप्रैल में लॉकडाउन के दौरान हुई थी। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
भुवनेश्वर: ओड़िशा के भुवनेश्वर में 13 साल की नाबालिग लड़की से एक पुलिसकर्मी समेत सात लोगों द्वारा कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है. यह घटना मार्च-अप्रैल में लॉकडाउन के दौरान हुई थी. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है. भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त यू एस दास ने बताया कि इस नृशंस घटना में कम से कम सात लोग संलिप्त थे. आरोपियों की तलाश के लिए एक विशेष टीम बनायी गयी है.
लड़की की मां यहां एक निजी टीवी चैनल में काम करती हैं. लड़की की मां ने इन्फो सिटी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करायी जिसके बाद मामले को 30 अगस्त को महिला थाने में स्थानांतरित कर दिया गया. मामले में दो आरोपी पीड़िता की मां के सहयोगी हैं. लॉकडाउन के दौरान लड़की की मां कार्यालय गयी थी, उसी दौरान यह घटना हुई थी.
लड़की और उसकी मां यहां इन्फो सिटी में किराये के मकान में रहती हैं जबकि परिवार के अन्य लोग यहां से करीब 85 किलोमीटर दूर केंद्रपाड़ा में रहते हैं. टीवी चैनल के दोनों कर्मचारी उस वक्त घर पर आए जब महिला कार्यालय में थी और दोनों ने लड़की से दुष्कर्म किया. घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की भी धमकी दी.
लड़की ने कुछ दिनों तक घटना के बारे में किसी को नहीं बताया लेकिन अप्रैल में अपनी मां को इस बारे में जानकारी दी. महिला ने कार्यालय में जब दोनों लोगों से इस बारे में पूछा तो उन्होंने उसे भी धमकाया कि लड़की की हत्या कर दी जाएगी. जान का खतरा देख लड़की और उसकी मां केंद्रपाड़ा चली गयी. बाद में दोनों अगस्त में शहर वापस आयी और पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज करायी.
पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 161 और धारा 164 के तहत पीड़िता के बयान रिकार्ड कराए हैं और शुक्रवार को लड़की की चिकित्सकीय जांच करायी गयी. अपने बयान में लड़की ने कहा कि टीवी चैनल के दो कर्मचारियों, दो निजी सुरक्षा गार्ड, एक पुलिसकर्मी तथा दो अन्य लोगों ने उसके साथ बर्बरता की.
डीसीपी ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए एक विशेष टीम बनायी गयी है और महिला थाने की प्रभारी निरीक्षक मामले की जांच कर रही हैं. उन्होंने बताया कि आईपीसी की विभिन्न धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण कानून के तहत एक मामला दर्ज किया गया है.पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की गयी है लेकिन अब तक उन्हें पकड़ा नहीं जा सका है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 06, 2020 08:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

