देश की खबरें | जी-20 शिखर सम्मेलन : दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारी ने सीमावर्ती इलाकों का निरीक्षण किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने बृहस्पतिवार को जी20 शिखर सम्मेलन से पहले राष्ट्रीय राजधानी के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
नयी दिल्ली, सात सितंबर दिल्ली पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने बृहस्पतिवार को जी20 शिखर सम्मेलन से पहले राष्ट्रीय राजधानी के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
जी20 नेताओं का शिखर सम्मेलन 9-10 सितंबर को होगा। शिखर सम्मेलन में 30 से अधिक राष्ट्राध्यक्षों, यूरोपीय संघ के शीर्ष अधिकारियों, आमंत्रित अतिथि देशों और 14 अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों के हिस्सा लेने की संभावना है।
विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) दीपेंद्र पाठक ने सिंघू बॉर्डर पर संवाददाताओं से कहा कि पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि शिखर सम्मेलन के दौरान कानून और व्यवस्था पुख्ता रहे।
उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस का एक वर्ग जी20 शिखर सम्मेलन क्षेत्र में तैयारियों की निगरानी कर रहा है। कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी दिल्ली में सुरक्षाकर्मियों की पर्याप्त और रणनीतिक तैनाती की गई है।
पाठक ने कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्बाध रहे और शांति एवं सद्भाव बना रहे।’’
पुलिस ने कहा कि दिल्ली पुलिस पूरे शहर में लगाए गए पांच हजार सीसीटीवी कैमरों की मदद से अपने अत्याधुनिक नियंत्रण कक्ष से शिखर सम्मेलन के दौरान घटनाक्रम पर कड़ी नजर रखेगी।
उसने बताया कि नियंत्रण कक्ष को जिलेवार तस्वीरें प्राप्त हो रही हैं और 25 सुरक्षाकर्मियों की दो टीम पाली में चौबीसों घंटे इनकी निगरानी करेंगी।
उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने बृहस्पतिवार को तैयारियों का जायजा लेने के लिए राजघाट और प्रगति मैदान का दौरा किया। दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने सक्सेना को सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)