नयी दिल्ली, 24 अगस्त राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले महीने होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने एक योजना बनाई है, जिसके तहत महत्वपूर्ण स्थानों की पहचान कर वहां से कचरा साफ किया जाएगा।
दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय ने बृहस्पतिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सभी जोनल उपायुक्त (डीसी) को इस संबंध में कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
यह कदम ऐसे समय में उठाया जा रहा है जब दिल्ली नगर निगम ने 12 अगस्त को 'अब दिल्ली होगी साफ' नामक शहरव्यापी स्वच्छता अभियान शुरू किया था।
महापौर ओबेरॉय ने कहा कि ऐसे खुले स्थान जहां कचरा नियमित रूप से फेंका जाता है, ऐसे स्थानों की पहचान कर उन्हें साफ करने का विचार है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर फूलों के गमले लगाए जाएंगे ताकि लोग वहां कूड़ा नहीं फेंकें।
दिल्ली नगर निगम के आयुक्त की ओर से बृहस्पतिवार को जारी एक परिपत्र के अनुसार सभी जोनल उपायुक्त को दो सप्ताह के भीतर ऐसे स्थानों से कचरा हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली के उप महापौर आले मुहम्मद इकबाल और एमसीडी में सदन के नेता मुकेश गोयल ने कहा कि अगर शहर के निवासी, नगर निकाय कर्मचारी और जन प्रतिनिधि मिलकर काम करें तो राष्ट्रीय राजधानी स्वच्छ हो सकती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY