देश की खबरें | केरल में कम्युनिस्ट नेता कोडियेरी बालकृष्णन का अंतिम संस्कार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कन्नूर के पय्यम्बलम बीच पर सोमवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के हजारों कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी के वरिष्ठ नेता कोडियेरी बालकृष्णन का अंतिम संस्कार किया गया।
कन्नूर (केरल), तीन अक्टूबर कन्नूर के पय्यम्बलम बीच पर सोमवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के हजारों कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी के वरिष्ठ नेता कोडियेरी बालकृष्णन का अंतिम संस्कार किया गया।
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और माकपा महासचिव सीताराम येचुरी सहित कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पय्यम्बलम तट तक कोडियेरी की अर्थी को कंधा दिया।
विजयन, अपने कॉमरेड और वाम नेता बालकृष्णन को याद कर रो पड़े।
केरल के गृह और पर्यटन मंत्री रह चुके कोडियेरी का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। कोडियेरी के दोनों बेटों-बिनॉय और बिनीश ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान पूरा पय्यम्बलम तट कोडियेरी के सम्मान में लगाए गए नारों से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री विजयन, माकपा की केरल इकाई के सचिव एम वी गोविंदन, एम ए बेबी, ए विजयराघवन, एन वी जयराजन जैसे वरिष्ठ नेताओं और राज्य सरकार के मंत्रियों ने कोडियेरी की तीन किलोमीटर लंबी शवयात्रा में हिस्सा लिया।
अंतिम विदाई देने के लिए जुटे लोगों को संबोधित करते हुए येचुरी ने कहा कि बालकृष्णन ने विचलित हुए बिना वाम सिद्धांतों का अनुपालन किया।
कांग्रेस की ओर से विधायक सनी जोसफ ने कहा कि वह अपने और अपनी पार्टी की ओर से बालकृष्णन के परिवार के प्रति दुख और संवेदना व्यक्त करते हैं।
विजयन ने कहा कि कोडियेरी का निधन बड़ी क्षति है और पार्टी कार्यकर्ताओं से उनके निधन से आए खालीपन को भरने के लिए मिलकर काम करने का वादा किया।
उन्होंने मीडिया सहित सभी को पार्टी के गम में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया।
विजयन ने आंखों में आंसू लिए कहा, ‘‘ बालकृष्णन वाम पार्टी के प्रमुख नेता थे। वह हमारी पार्टी के कॉमरेड, शुभचिंतक और ऐसे व्यक्ति थे जो पार्टी से प्यार करते थे। आज सभी वर्गों से लोग कॉमरेड बालकृष्णन के अंतिम दर्शन करने के लिए आए हैं। यह भावुक करने वाला पल और बड़ी क्षति है। उनके जाने से उत्पन्न खालीपन को भरना आसान नहीं है। यह बड़ी क्षति है, लेकिन मैं आपसे वादा करता हूं कि हम इस अंतर को भरने के लिए मिलकर काम करेंगे।’’
येचुरी ने बालकृष्णन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने सबसे मुश्किल समय में पार्टी का मार्गदर्शन किया।
पार्टी महासचिव ने कहा कि गत पांच दशक के केरल के इतिहास में किसी सरकार की दोबारा वापसी का श्रेय बालकृष्णन के नेतृत्व को जाता है।
तमिलनाडु से माकपा नेता और पोलित ब्यूरो सदस्य जी रामकृष्णन ने कहा, ‘‘हम उन सिद्धांतों व विचारों को आगे लेकर जाएंगे, जिनके लिए उन्होंने संघर्ष किया। लोगों के मुद्दों को आगे लेकर जाएंगे जिनके लिए वह लड़े.. यही कॉमरेड कोडियेरी बालकृष्णन को उचित श्रद्धांजलि होगी।’’
भाजपा नेता सी.के. पद्मनाभन ने कहा कि बालकृष्णन बहुत भरोसेमंद व्यक्ति थे जिनसे हर कोई उनकी मित्रवत और सौम्य व्यवहार की वजह से संपर्क कर सकता था।
उन्होंने राज्य की कई समस्याओं का समाधान करने की कोशिश के लिए बालकृष्णन को याद किया।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता और मंत्री ए. के. ससीद्रन ने बालकृष्णन को सत्तारूढ़ गठबंधन के विभिन्न मोर्चों के बीच सेतु के तौर याद किया।
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के नेता अब्दु रहिमन कल्लायी और अन्य दलों के प्रतिनिधियों ने भी बालकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विजयन की पत्नी कमला दिवंगत वाम नेता की पत्नी विनोदिनी को पूरे अंतिम संस्कार के दौरान पकड़े हुए नजर आईं। बिनॉय और बिनीश मुखाग्नि देने के बाद बाद रो पड़े।
कोडियेरी का एक अक्टूबर को चेन्नई के एक निजी अस्पताल में 70 साल की उम्र में निधन हो गया था। वह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे।
इससे पहले दिन में केरल के राज्यपाल मोहम्मद आरिफ खान, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के सुधाकरन और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी डी सतीशन, वरिष्ठ नेता के. मुरलीधरन, मुल्लापल्ली रामचंद्रन सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के नेताओं ने बालकृष्णन को श्रद्धांजलि दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)