खेल की खबरें | खाचानोव को हराकर फ्रिट्ज पहली बार विम्बलडन के सेमीफाइनल में पहुंचे

पांचवीं वरीयता प्राप्त फ्रिट्ज को मैच के बीच में पैर के दर्द से निपटने के लिए ट्रेनर से उपचार लेना पड़ा लेकिन उन्होंने इसके बाद  शानदार वापसी करते हुए 6-3, 6-4, 1-6, 7-6  से जीत दर्ज की।

यूएस ओपन के उपविजेता फ्रिट्ज के सामने सेमीफाइनल में स्पेन के दो बार के गत चैंपियन कार्लोस अल्काराज या ब्रिटेन के गैर-वरीयता प्राप्त कैम नॉरी में से किसी एक की चुनौती होगी।

फ्रिट्ज मैच की शुरुआती दो सेट में 17वीं रैंकिंग के खिलाड़ी के खिलाफ दबदबा कायम करते हुए 47 में से 40 सर्विस अंक भुनाने में सफल रहे।  

खाचानोव ने इसके बाद अच्छी वापसी करते हुए अगले नौ में आठ अंक अपने नाम किये। फ्रिट्ज ने इसी समय मेडिकल टाइम आउट लिया। उनके ट्रेनर को इस दौरान दायें पैर का इलाज करते देखा गया।

चौथे सेट में 0-2 से पिछड़ने के बाद फ्रिट्ज ने अपने प्रदर्शन के स्तर को ऊंचा करते हुए 5-4 और 6-5 की बढ़त बनायी लेकिन खाचानोव इस सेट को टाई-ब्रेकर में खींचने में सफल रहे।

टाई-ब्रेकर में स्कोर एक समय 4-4 की बराबरी पर था । फ्रिट्ज ने हालांकि अगले तीन अंक भुना कर मुकाबला जीत लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)