देश की खबरें | स्वतंत्रता सेनानी जी सुशीला का निधन

पलक्कड़ (केरल), 23 सितंबर स्वतंत्रता सेनानी एवं प्रसिद्ध वडक्कथ परिवार की वरिष्ठ सदस्य जी सुशीला का बुधवार शाम उनके अनक्कारा स्थित घर पर निधन हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बृहस्पतिवार को बताया कि सुशीला 100 वर्ष की थीं और वह पिछले आठ साल से बिस्तर पर थीं।

सुशीला का जन्म 1921 में अनक्कारा वडक्कथ थरवडु में एक नामवर घराने में हुआ था। सुशीला ने उस समय स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लिया, जब वह मद्रास में पढ़ रही थीं। भारत छोड़ो आंदोलन के तहत वहां आयोजित एक जुलूस में भाग लेने के लिए वह जेल भी गई थीं।

महात्मा गांधी के सिद्धांतों की अनुयायी, सुशीला ने कांग्रेस की महिला शाखा की राष्ट्रीय सचिव के रूप में भी अपनी सेवाएं दी। स्वतंत्रता के बाद वह सक्रिय राजनीति से दूर ही रहीं।

प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी अम्मू स्वामीनाथन, एवी कुट्टीमालु अम्मा, कैप्टन लक्ष्मी और प्रसिद्ध नृत्यांगना मृणालिनी साराभाई, अनक्कारा वडक्कथ परिवार के कुछ प्रमुख सदस्य हैं।

सुशील के परिवार में एक बेटा और एक बेटी है।

केरल विधानसभा अध्यक्ष राजेश ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए, भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को याद किया और कहा कि उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उल्लेखनीय काम किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)