देश की खबरें | उत्तराखंड के डीजीपी के नाम से रुद्रप्रयाग के एसपी से 50 हजार रुपये मांगने वाले चार युवक गिरफ्तार

रुद्रप्रयाग, 27 फरवरी उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ के नाम से व्हाटसएप संदेश भेजकर रुद्रप्रयाग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से 50 हजार रुपये अपने खाते में जमा कराने को कहने वाले चार युवकों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया।

रुद्रप्रयाग के पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि एक माह तक गहन जांच के बाद चार आरोपियों को राजस्थान के बीकानेर से गिरफ्तार किया गया।

कोंडे के मुताबिक, छह जनवरी को उनके सरकारी मोबाइल फोन नंबर पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप संदेश आया, जिसमें संदेश भेजने वाले व्यक्ति ने अपना परिचय उत्तराखंड के डीजीपी दीपम सेठ के रूप में देते हुए एक बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा कराने को कहा।

कोंडे ने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई। उन्होंने बताया कि साइबर प्रकोष्ठ के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार भट्ट के नेतृत्व में हुई जांच में संदेश भेजने वाले व्यक्ति के बताए बैंक खाते और मोबाइल नंबर के तार महाराष्ट्र और राजस्थान से जुड़े मिले।

कोंडे के अनुसार, पुलिस दलों ने इन राज्यों में एक महीने तक डेरा डाले रखा और स्थानीय स्तर पर छापेमारी तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) व मोबाइल फोरेंसिक तकनीक से की गई जांच के माध्यम से अपराध में प्रथम दृष्टतया छह लोगों की संलिप्तता मिली।

उन्होंने बताया कि इनमें से चार आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया।

कोंडे के मुताबिक, आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर रुद्रप्रयाग ले आया गया है और उनकी पहचान राजू प्रजापत, ललित किशोर उपाध्याय, बलवान हुसैन तथा मोहम्मद अयूब के रूप में हुई है।

मामले का खुलासा करने वाली टीम को कोंडे ने 2,500 रुपये और प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून-व्यवस्था) ने 5,000 रुपये का नकद पारितोषिक देने की घोषणा की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)