देश की खबरें | बलिया में ताजिया जुलूस के दौरान बिजली के तार काटने को लेकर हुई झड़प में चार लोग घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बलिया जिले के एक गांव में ताजिया जुलूस के दौरान बिजली का तार काटने को लेकर कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर हमला किए जाने से मुस्लिम समुदाय के चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
बलिया (उप्र), सात जुलाई बलिया जिले के एक गांव में ताजिया जुलूस के दौरान बिजली का तार काटने को लेकर कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर हमला किए जाने से मुस्लिम समुदाय के चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार घटना खरिका गांव में रविवार रात उस समय की है जब पीड़ित ताजिया जुलूस के बाद स्थानीय कर्बला से लौट रहे थे। दूसरे समुदाय के लोगों ने उन्हें कथित रूप से रोक लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इस बीच पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि रेवती थाना अन्तर्गत ग्राम खरिका में ताजिया ले जाते समय बिजली के तार को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस उप निरीक्षक जितेन्द्र पाण्डेय एवं आरक्षी आनन्द कुमार को लापरवाही व अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
उनके मुताबिक, इसके साथ ही थानाध्यक्ष रेवती प्रशान्त कुमार को पर्यवेक्षण में शिथिलता बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि घटना में घायलों की पहचान मोहम्मद इंतजार, नौशाद अंसारी, अर्श मोहम्मद और टीपू अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि नौशाद और टीपू को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें वाराणसी के एक अस्पताल में रेफर किया गया है।
बैरिया के पुलिस क्षेत्राधिकारी मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि मोहम्मद खुर्शीद की ओर से शिकायत मिली है जिसमें आरोप लगाया गया है कि ताजिया जुलूस के दौरान पीड़ितों ने मनीष यादव का बिजली का तार काट दिया था।
उन्होंने बताया कि इसको लेकर कर्बला से वापस आते समय मुस्लिम युवकों पर हमला किया गया।
पुलिस उपाधीक्षक के मुताबिक, इस मामले में साधू यादव, विशाल यादव और मनीष यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
घटना के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा किया।
कुरैशी ने कहा, ‘‘इलाके में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।’’
पुलिस अधीक्षक सिंह ने बताया कि प्रकरण की विस्तृत जांच क्षेत्राधिकारी सदर को सौपी गई हैं। उनके मुताबिक, मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमे गठित कर दी गई हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 03:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

