देश की खबरें | मणिपुर में तीन उग्रवादियों सहित चार लोग गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मणिपुर के तीन जिलों से सुरक्षा बलों ने दो प्रतिबंधित संगठनों के तीन उग्रवादियों सहित चार लोगों को आपराधिक गतिविधियों में कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
इंफाल, 30 जुलाई मणिपुर के तीन जिलों से सुरक्षा बलों ने दो प्रतिबंधित संगठनों के तीन उग्रवादियों सहित चार लोगों को आपराधिक गतिविधियों में कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित ‘कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी’ (एमएफएल) के दो सक्रिय सदस्यों को मंगलवार को इंफाल पूर्वी जिले के नोंगाडा अवांग लेइकाई और इंफाल पश्चिमी जिले के लंगथाबल कुंजा से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि उनमें से एक हाल में इंफाल पूर्वी जिले के गांव नापेट पल्ली में हुई गोलीबारी की घटना में लिप्त था। उन्होंने बताया कि उग्रवादी पर अपराध गिरोह के लिए हथियार और गोला-बारूद लाने- ले जाने का भी आरोप है।
पुलिस ने बताया कि उसके पास से एक नौ मिमी पिस्तौल और एक मैगजीन भी बरामद की गई है।
अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने सोमवार को इंफाल पूर्वी जिले के हाओकिप वेंग इलाके से एक अन्य प्रतिबंधित संगठन के एक सदस्य को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में 45 वर्षीय एक व्यक्ति को इंफाल पूर्वी स्थित कैरांग उमंग मयाई लेइकाई से गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति अपराधियों के एक समूह का सदस्य है और उसके पास से दो हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि राज्य में जबरन वसूली और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों की धरपकड़ के लिए खुफिया जानकारी के आधार पर व्यापक रूप से तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
सुरक्षा बल दो साल पहले जातीय हिंसा भड़कने के बाद से मणिपुर में तलाश अभियान चला रहे हैं।
मेइती और कुकी-जो समूहों के बीच जातीय हिंसा में मई 2023 से 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।
मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफा देने के बाद केंद्र ने 13 फरवरी को मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था। राज्य विधानसभा को निलंबित कर दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 30, 2025 10:04 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

