देश की खबरें | दिल्ली के नांगलोई में व्यवसायी को लूटने के आरोप में चार लोग गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस ने एक व्यवसायी को पिस्तौल का भय दिखा कर लूटने और उसे गोली मारने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, नौ सितंबर दिल्ली पुलिस ने एक व्यवसायी को पिस्तौल का भय दिखा कर लूटने और उसे गोली मारने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान कुलदीप, आर्यन, शिवम पांडे और तीरथ के रूप में हुई है। इनमें से एक सिविल सेवा परीक्षा का अभ्यर्थी है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना एक सितंबर को हुई, जब पुलिस को नांगलोई के पास रोहतक रोड पर पेट्रोल पंप के पास डकैती और गोलीबारी की घटना के संबंध में फोन पर सूचना मिली।
बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त जिमी चिराम ने कहा, ‘‘पुलिस की टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। जांच में पता चला कि सौरभ गुप्ता नामक व्यक्ति के कूल्हे में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए पंजाबी बाग के महाराजा अग्रसेन अस्पताल ले जाया गया।’’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सौरभ नांगलोई में चीनी का व्यापार करते हैं। सौरभ अपने घर लौट रहे थे तभी रास्ते में दो नकाबपोश लोगों ने उनका बैग छीनने की कोशिश की, जिसमें लैपटॉप और 8-10 लाख रुपये नकद थे।
पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘‘ जब सौरभ ने विरोध किया तो हमलावरों में से एक ने उन पर गोली चला दी और फिर अपने साथियों के साथ भाग गया, जो पास में ही मोटरसाइकिल पर उसका इंतजार कर रहे थे। इस घटना के सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।’’
पुलिस ने 1,100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और पाया कि संदिग्ध सुलेमान नगर के करण विहार इलाके में गए थे और जांच के आधार पर कुलदीप तथा आर्यन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपायुक्त जिमी चिराम ने कहा, ‘‘दोनों आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की गई, आर्यन ने अपने साथियों कुलदीप, शिवम पांडे और तीरथ के साथ अपना अपराध कबूल कर लिया।’’
पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘‘करण विहार इलाके में और छापेमारी की गई, जहां से तीरथ और शिवम को भी गिरफ्तार किया गया।’’
उन्होंने बताया कि आरोपियों को शहर की अदालत में पेश किया गया जिसने उन्हें चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस हिरासत के दौरान आरोपियों ने बताया कि लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद वे हिमाचल प्रदेश के मणिकरण और कसोल गए थे। उन्होंने कर्ज चुकाने और अपनी महिला साथियों की इच्छा पूरी करने के लिए एक और व्यापारी से भी लूटपाट की थी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 5.27 लाख रुपये की नकदी, एक पिस्तौल, एक चोरी की मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 09, 2024 07:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

