देश की खबरें | राजस्थान में दो सितंबर से भाजपा की चार परिवर्तन यात्राएं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले चार परिवर्तन यात्राएं निकालने की घोषणा की। पहली परिवर्तन यात्रा की शुरुआत दो सितंबर को रणथंभौर (सवाईमाधोपुर) से होगी जिसे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रवाना करेंगे।
जयपुर, 25 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले चार परिवर्तन यात्राएं निकालने की घोषणा की। पहली परिवर्तन यात्रा की शुरुआत दो सितंबर को रणथंभौर (सवाईमाधोपुर) से होगी जिसे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रवाना करेंगे।
चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नारायण पंचारिया ने यहां संवाददाताओं को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा,‘‘कांग्रेस के कुशासन, भ्रष्टाचार और बदहाल कानून व्यवस्था के खिलाफ तथा युवा और किसान विरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने के संकल्प के साथ भाजपा ये परिवर्तन यात्राएं निकालने जा रही है। यात्राएं चार अलग-अलग स्थानों और दिशाओं से राज्य की 200 विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जाएंगी।’’
उन्होंने कहा कि पहली परिवर्तन यात्रा दो सितंबर को रणथंभौर के त्रिनेत्र गणेश मंदिर से शुरू होगी। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मौजूद रहेंगे।
यह यात्रा 18 दिन में 1847 किलोमीटर चलकर भरतपुर संभाग, जयपुर संभाग एवं टोंक जिले की 47 विधानसभा क्षेत्रों में जायेगी।
दूसरी परिवर्तन यात्रा तीन सितंबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में बेणेश्वर धाम डूंगरपुर से शुरू होगी। यह यात्रा 19 दिन में 2433 किलोमीटर चलकर उदयपुर संभाग, कोटा संभाग और भीलवाड़ा जिले की कुल 52 विधानसभा क्षेत्रों में जायेगी।
तीसरी परिवर्तन यात्रा चार सितंबर को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में रामदेवरा जैसलमेर से प्रारंभ होगी। यह यात्रा 18 दिनों में 2574 किलोमीटर चलकर जोधपुर संभाग, अजमेर व नागौर जिले की कुल 51 विधानसभा क्षेत्रों में जायेगी।
चौथी परिवर्तन यात्रा पांच सितंबर को केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में गोगामेडी हनुमानगढ़ से प्रारंभ होगी। यह यात्रा के तहत 18 दिनों में 2128 किलोमीटर चलकर बीकानेर संभाग, झुंझुनू सीकर और अलवर जिले की कुल 50 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचा जाएगा।
इन सभी यात्राओं के लिए एक टोली का गठन किया गया है जिसमें मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी एवं प्रचार-प्रसार सभा के प्रमुख बनाए गए हैं।
पंचारिया ने कहा कि परिवर्तन यात्रा के दौरान किसान चौपाल, युवा मोटरसाइकिल रैली, महिलाओं की बैठक और दलित चौपालें भी आयोजित की जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)