फरीदाबाद, 30 अप्रैल फरीदाबाद में कोरोना वायरस के चार नए मामले आने से स्वास्थ्य विभाग की परेशानियां बढ़ गई है।
इसके साथ ही यहां इस बीमारी के मरीजों की संख्या बढ़कर 50 हो गयी है। इनमें से करीब 41 मरीज ठीक हो चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चार नए मामले में दो सेक्टर-28 से हैं जबकि एक एक मामला बडखल व डबुआ कालोनी का बताया गया है।
विभाग इन लोगों के संपर्क में आए लोगों की जांच में जुट गया है।
उप सिविल सर्जन एवं जिला नोडल अधिकारी (कोरोना) डा. रामभगत ने बताया कि जिले में अब तक 2667 यात्रियों को निगरानी में रखा गया है। इनमें से 1139 लोगों का निगरानी में रखने का 28 दिनों का समय पूरा हो चुका है। शेष 819 लोग अब भी निगरानी में हैं।
इस बीच फरीदाबाद में मंगलवार रात 67 वर्षीय जिस बुजुर्ग की मौत हुई थी, वह कोरोना वायरस से संक्रमित थे। यह खुलासा उनकी जांच रिपोर्ट से हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने उनके परिवार के विभिन्न सदस्यों को घर में पृथक-वास में रखा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY