रांची में कोरोना वायरस संक्रमण के चार और मामले आए सामने
तबलीगी जमात के कार्यक्रम में भाग लेकर लौटे लोगों के संपर्क में आने से तीन लोग रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में संक्रमित पाए गए हैं और रांची के ही कांटाटोली में एक और संक्रमित मरीज का पता चला।
रांची, 25 अप्रैल झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के चार नए मामले सामने के बाद राज्य में इस वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 63 हो गई है।
तबलीगी जमात के कार्यक्रम में भाग लेकर लौटे लोगों के संपर्क में आने से तीन लोग रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में संक्रमित पाए गए हैं और रांची के ही कांटाटोली में एक और संक्रमित मरीज का पता चला।
इसके अलावा, धनबाद में दो संक्रमित लोगों के शनिवार को स्वस्थ होने के बाद राज्य में संक्रमण के बाद स्वस्थ हुए मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने इस बात की पुष्टि की है।
राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के निदेशक डा. डी के सिंह ने बताया कि हिंदपीढ़ी की एक महिला समेत तीन लोगों को शनिवार को संक्रमित पाया गया।
उन्होंने बताया कि ये तीनों लोग नयी दिल्ली के निजामुद्दीन में तबलीगी जमात के कार्यक्रम में भाग लेकर लौटे लोगों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं।
इसके अलावा रांची के कांटाटोली में भी एक व्यक्ति शनिवार को संक्रमित पाया गया। यह पता लगाया जा रहा है कि इस व्यक्ति ने हाल में कहां-कहां यात्रा की थी। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि यह व्यक्ति संक्रमित कैसे हुआ।
रांची में कुल 41 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गए हैं। इसके अलावा बोकारो में 10 लोग संक्रमित हैं। हजारीबाग में संक्रमित लोगों की कुल संख्या तीन है, धनबाद, देवघर, सिमडेगा में दो-दो और गिरिडीह, कोडरमा एवं गढ़वा में एक-एक व्यक्ति संक्रमित है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 25, 2020 05:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

