देश की खबरें | छत्तीसगढ़ में चार माओवादी समर्थक गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के मानपुर जिले में ग्राम पंचायत के एक सचिव समेत चार माओवादी समर्थकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से नक्सलियों का एक ट्रैक्टर भी जब्त किया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मानपुर (छत्तीसगढ़), 25 जून छत्तीसगढ़ के मानपुर जिले में ग्राम पंचायत के एक सचिव समेत चार माओवादी समर्थकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से नक्सलियों का एक ट्रैक्टर भी जब्त किया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
राजनांदगांव क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा ने संवाददाताओं को बताया कि मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी (एमएमएसी) जिले से पकड़े गए लोगों की पहचान महेश मेश्राम (45), अरविंद तुलावी (30), रामकिशन यादव (50) और सुशील साहू (54) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि नक्सलियों का ट्रैक्टर तुलावी से बरामद किया गया।
झा ने बताया, "इस संबंध में जानकारी मिलने के बाद जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक संयुक्त दल ने तुलावी के घर पर छापा मारा और उसे हिरासत में ले लिया।"
उन्होंने बताया कि तुलावी के बयान के आधार पर अन्य लोगों को भी पकड़ लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि चारों समर्थकों के खिलाफ विधिविरुद्ध क्रिया-कलाप (निवारण) और भारतीय दंड संहिता के प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तुलावी और मेश्राम पिछले 10 वर्षों से माओवादियों के संपर्क में थे।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 25, 2024 06:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

