एजेंसी न्यूज

ओडिशा के नयागढ़ में तेल टैंकर में विस्फोट से चार लोगों की मौत

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से लगभग 100 किलोमीटर दूर नयागढ़ जिले में एक तेल टैंकर पुल से गिर गया, जिसके बाद हुए विस्फोट में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी.

ओडिशा के नयागढ़ में तेल टैंकर में विस्फोट से चार लोगों की मौत
fire (Photo Credits: ANI)

भुवनेश्वर, 11 जून : ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से लगभग 100 किलोमीटर दूर नयागढ़ जिले में एक तेल टैंकर पुल से गिर गया, जिसके बाद हुए विस्फोट में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी. पुलिस सूत्रों ने बताया कि तेल टैंकर पारादीप से संबलपुर की ओर जा रहा था और जब यह कुसुमी नदी पर बने बड़ा पांडुसरा पुल पर था तो चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया तथा यह पुल से नीचे गिर गया. उन्होंने कहा कि घटना बीती रात करीब एक बजकर 45 मिनट पर हुई.

उन्होंने बताया कि टैंकर के पुल से गिरने के कुछ देर बाद उसमें विस्फोट हो गया.पुलिस ने कहा कि मृतकों की पहचान वाहन चालक समीर नायक, सहायक पंकज नायक, (उन्हें बचाने गए दो स्थानीय निवासियों) दीपू खटुआ और चंदन खटुआ के रूप में हुई है. उन्होंने कहा कि हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे नयागढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे भुवनेश्वर रेफर कर दिया गया. घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस और दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया. यह भी पढ़ें :प्रवक्ता नुपुर शर्मा के समर्थन में प्रज्ञा, कहा- देवी-देवताओं का अपमान होगा तो ‘सच’ बताया जाएगा

वहीं, क्योंझर जिले में हुई एक अन्य घटना में शनिवार तड़के कांजीपानी घाट पर एक बस में आग लग गई, जिसमें सवार 30 यात्री बाल-बाल बच गए. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बस राउरकेला से क्योंझर जा रही थी जिसमें कांजीपानी घाट के पास बीती रात करीब तीन बजे आग लग गई. उन्होंने कहा कि चालक ने त्वरित कार्रवाई की और धुएं का पता चलने के बाद यात्रियों को वाहन से नीचे उतरने को कहा. अधिकारियों ने कहा कि घटना में बस पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि यात्री दूसरी बस में सवार होकर वहां से चले गए.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 11, 2022 02:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).