सड़क हादसों में चार की मौत, 46 घायल
चित्रकूट जिले में बरगढ़ थाना क्षेत्र के रीवा मार्ग में कलचिहा गांव के पास सड़क किनारे बैठे चार प्रवासी मजदूरों को मंगलवार शाम लोडर ट्रक ने कुचल दिया, जिससे एक मजदूर की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गये।
चित्रकूट-कानपुर (उप्र), 13 मई उत्तर प्रदेश के दो अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गयी जबकि 46 अन्य घायल हो गये।
चित्रकूट जिले में बरगढ़ थाना क्षेत्र के रीवा मार्ग में कलचिहा गांव के पास सड़क किनारे बैठे चार प्रवासी मजदूरों को मंगलवार शाम लोडर ट्रक ने कुचल दिया, जिससे एक मजदूर की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गये।
प्रदेश के ही कानपुर देहात जिले के अकबरपुर में दो ट्रकों की टक्कर में एक मासूम बच्चे और दो प्रवासी श्रमिकों की मौत हो गयी जबकि 43 अन्य श्रमिक घायल हो गये।
पुलिस ने बताया कि कानपुर की घटना में एक डीसीएम ट्रक पर सवार होकर प्रवासी श्रमिक जा रहे थे। कानपुर-झांसी राजमार्ग पर लालपुर पुलिस चौकी के निकट डीसीएम सड़क किनारे ट्रक से टकरा गया।
पुलिस के अनुसार 54 प्रवासी श्रमिक गुजरात के अहमदाबाद से आ रहे थे और वे डीसीएम ट्रक पर सवार होकर बलरामपुर की ओर जा रहे थे। पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात अनुराग वत्स ने बताया कि डीसीएम सड़क किनारे खडे ट्रक से जा टकराया, जिससे उक्त हादसा हुआ ।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी। उनके नाम रोहित (25), हीरामन (50) और सुमैया (2) हैं। सभी बलरामपुर के रहने वाले हैं।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आठ की हालत गंभीर थी, इस वजह से उन्हें कानपुर के लाला लाजपत राय अस्पताल रेफर कर दिया गया।
चित्रकूट वाले हादसे में सभी मजदूर छत्तीसगढ़ के रायपुर से साइकल पर सवार होकर सहारनपुर और मुजफ्फरनगर जिलों में अपने-अपने घर जा रहे थे।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि लॉकडाउन के कारण छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक गुड़ फैक्टरी में काम बंद हो जाने पर सहारनपुर जिले के चपारी गांव का मजदूर मोहन (40) और मुजफ्फरनगर जिले के पसीली गांव के रहने वाले उसके मजदूर साथी राधेश्याम (40), रामनिवास (54) और रवींद्र (54) के साथ साइकिल पर सवार होकर अपने घर जाने के लिए निकले थे।
पुलिस के अनुसार मंगलवार की शाम सभी मजदूर बरगढ़ क्षेत्र के रीवा मार्ग में कलचिहा गांव के पास सड़क किनारे पानी पीने के लिए बैठ गए थे, तभी प्रयागराज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए मऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया है, जहां इलाज के दौरान मोहन की मौत हो गयी है। उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और दुर्घटना करने वाले लोडर और उसके चालक को पकड़ लिया गया है।
मऊ सीएचसी के अधीक्षक डॉ. शेखर वैश्य ने बताया कि तीनों घायल खतरे से बाहर हैं, उनका इलाज चल रहा है।
सं अमृत
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 13, 2020 02:37 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

