नयी दिल्ली, छह अप्रैल केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बुधवार को राज्यसभा को बताया कि जम्मू-कश्मीर में 2019 से अब तक आतंकवादियों के हाथों चार कश्मीरी पंडित सहित 14 हिंदू मारे गए।
राय ने विभिन्न सवालों के लिखित जवाब में उच्च सदन को बताया कि पिछले पांच साल में जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों ने अल्पसंख्यक समुदायों के 34 लोगों की जान ले ली। इनमें 2021 में मारे गए 11 लोग शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को निरस्त किए जाने के बाद प्रधानमंत्री पैकेज के तहत मुहैया कराई गई नौकरियों को लेने के लिए 2105 प्रवासी कश्मीर घाटी वापस लौट आए हैं।
राय ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों ने 2019 से अब तक चार कश्मीरी पंडितों और 10 अन्य हिंदुओं की भी जान ले ली।
उन्होंने कहा कि सरकार ने घाटी में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई उपाय किए हैं और आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
राय ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि जम्मू-कश्मीर में 2017 से अब तक घुसपैठ की 502 घटनाएं हुई हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री विकास पैकेज, 2015 का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना के तहत कश्मीरी प्रवासियों के लिए 3,000 नौकरियों का सृजन किया गया है। उन्होंने कहा कि 2,828 प्रवासियों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY