देश की खबरें | महाराष्ट्र में चोरी के संदेह में चार दलित व्यक्तियों को पेड़ से लटकाकर पीटा गया, एक आरोपी गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के एक गांव में एक बकरी और कुछ कबूतर चुराने के संदेह में छह लोगों ने चार दलित व्यक्तियों को कथित तौर पर एक पेड़ से उल्टा लटकाकर लाठियों से पीटा। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

मुंबई, 27 अगस्त महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के एक गांव में एक बकरी और कुछ कबूतर चुराने के संदेह में छह लोगों ने चार दलित व्यक्तियों को कथित तौर पर एक पेड़ से उल्टा लटकाकर लाठियों से पीटा। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

अहमदनगर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने शनिवार को हमले के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जबकि पांच अन्य फरार हैं।

घटना के विरोध में रविवार को श्रीरामपुर तालुका के हरेगांव गांव में बंद रखा गया।

विपक्षी कांग्रेस ने इस घटना को मानवता पर एक 'धब्बा' और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा फैलाई जा रही 'नफरत' का नतीजा करार दिया है।

उन्होंने कहा कि 25 अगस्त को गांव के छह लोगों का एक समूह 20 और 29 साल के बीच की उम्र के चार दलित व्यक्तियों के कथित तौर पर घर पहुंचा और चारों युवकों को अपने साथ चलने के लिए बाध्य किया। उन्होंने बताया कि इन चारों युवकों को एक बकरी और कुछ कबूतर चुराने के संदेह में एक पेड़ से उल्टा लटकाकर लाठियों से पीटा गया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान युवराज गलांडे, मनोज बोडाके, पप्पू पारखे, दीपक गायकवाड़, दुर्गेश वैद्य और राजू बोराज के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों में से एक ने कथित तौर पर इस घटना का वीडियो बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर सामने आया।

अधिकारी ने कहा कि घायलों को बाद में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया और पीड़ितों में से एक शुभम मगाडे ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है। उन्होंने कहा कि भारतीय दंड संहिता की धारा 307, 364 और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि यह घटना मानवता पर कलंक है और उन्होंने मांग की कि सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए तथा कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ऐसी घटनाएं भाजपा द्वारा अपने राजनीतिक लाभ के लिए फैलाई जा रही नफरत का नतीजा हैं।’’

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के मुख्य प्रवक्ता महेश तापसे ने सरकार पर दलितों के आत्मसम्मान की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\