अहमदाबाद, 27 दिसंबर पूर्व केंद्रीय वित्त सचिव हसमुख अधिया को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल का मुख्य सलाहकार नियुक्त किया गया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिया को माल एवं सेवा कर (जीएसटी) सफलतापूर्वक लागू करने का श्रेय है।
एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, सरकार ने गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और सरदार सरोवर नर्मदा निगम लिमिटेड के पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) एस. एस. राठौड़ को भी मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया है।
इसमें कहा गया है कि अधिया वित्त, आर्थिक मामलों, शिक्षा, ऊर्जा और गैर-पारंपरिक ऊर्जा, निवेश से संबंधित नीतियों और उनकी निगरानी तथा राज्य सरकार द्वारा तय किए गए अन्य क्षेत्रों में मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार के रूप में काम करेंगे।
अधिया ने केंद्र सरकार में वित्त और राजस्व सचिव के रूप में कार्य किया था और वह 30 नवंबर, 2018 को सेवानिवृत्त हुए। वह अभी बैंक ऑफ बड़ौदा के गैर-कार्यकारी अध्यक्ष और गुजरात केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलाधिपति के रूप में कार्यरत हैं।
राठौड़ गुजरात इंजीनियरिंग सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और उन्होंने गुजरात सरकार के सड़क एवं भवन विभाग और जल संसाधन विभाग में सचिव के रूप में काम किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY