एजेंसी न्यूज

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह एम्स में भर्ती, कई नेताओं ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना

सूत्रों ने बताया कि 87 वर्षीय सिंह को एम्स के कार्डियो-थोरैसिक (हृदय और सीने से संबंधित) वार्ड में निगरानी में रखा गया है।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह एम्स में भर्ती, कई नेताओं ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना
जमात

नयी दिल्ली, 10 मई पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को बेचैनी महसूस होने के बाद रविवार रात एम्स में भर्ती कराया गया।

सूत्रों ने बताया कि 87 वर्षीय सिंह को एम्स के कार्डियो-थोरैसिक (हृदय और सीने से संबंधित) वार्ड में निगरानी में रखा गया है।

कई नेताओं ने मनमोहन के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

इससे पहले सूत्रों ने बताया कि सिंह को रात करीब पौने नौ बजे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में कार्डियोलॉजी के प्रोफेसर डॉक्टर नीतीश नायक की निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सूत्रों ने बताया, ‘‘उन्हें निगरानी में रखा गया है।’’

सिंह विपक्षी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। वह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे हैं।

साल 2009 में उनकी एम्स में ही कोरोनरी बाईपास सर्जरी हुई थी।

मनमोहन के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही कई नेताओं ने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जतायी और जल्द ठीक होने की कामना की।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ''पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी को अस्पताल में भर्ती कराए जाने की खबर सुनकर बेहद चिंतित हूं। उनके जल्द ठीक होने, अच्छी सेहत और दीर्घायु की कामना करता हूं।''

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने ट्वीट किया, ''डॉक्टर साहब के स्वस्थ होने की कामना कर रहा हूं। मुझे यकीन है कि वह जल्द ही ठीक हो जाएंगे।''

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता लालू प्रसाद यादव ने भी ट्वीट किया, ''डॉक्टर मनमोहन सिंह जी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिली। विनम्र, बुद्धिमान, विद्वान, सच्चे सज्जन और सर्वश्रेष्ठ प्रधानमंत्रियों में से एक मनमोहन सिंह जी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।''

लालू के पुत्र और राजद प्रमुख तेजस्वी यादव ने कहा, ''आदरणीय मनमोहन सिंह जी के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 11, 2020 12:43 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).