देश की खबरें | पूर्व मंत्री माणिक्याला राव का कोरोना वायरस के कारण निधन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री पी माणिक्याला राव का शनिवार को विजयवाड़ा के एक निजी अस्पताल में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण निधन हो गया।
अमरावती, एक अगस्त भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री पी माणिक्याला राव का शनिवार को विजयवाड़ा के एक निजी अस्पताल में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण निधन हो गया।
वह 59 वर्ष के थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटी है।
राव 2014 में ताडेपल्लिगुडेम से आंध्र प्रदेश विधानसभा के लिए चुने गए थे। वह 2018 तक चंद्रबाबू नायडू के मंत्रिमंडल के सदस्य रहे। उन्होंने 2019 में नरसापुरम लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
राव ने कुछ ही दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं, लेकिन चिंता की बात नहीं है और वह अपना ख्याल रख रहे हैं।
भाजपा सूत्रों ने बताया कि राव के फेफड़ों में संक्रमण हो गया था और वह वेंटिलेटर पर थे।
पूर्व मंत्री ने उनके स्वास्थ्य को लेकर उड़ रही अफवाहों को शांत करने के लिए 25 जुलाई को ट्वीट किया था, ‘‘चिंता की कोई बात नहीं है। किसी को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। मैं ठीक हूं। ईश्वर के आशीर्वाद और आपके स्नेह के चलते मैं स्वस्थ हो जाऊंगा।’’
तीन सप्ताह तक संक्रमण से संघर्ष करने के बाद राव का शनिवार को कोरोना वायरस के कारण निधन हो गया।
राव ने आरएसएस कार्यकर्ता के तौर पर शुरुआत की थी और बाद में वह भाजपा के सदस्य बन गए। उन्होंने पश्चिम गोदावरी जिले के अध्यक्ष और राज्य महासचिव की जिम्मेदारी भी सम्भाली थी।
उन्होंने आजीविका चलाने के लिए ताडेपल्लिगुडेम में फोटोग्राफर का काम भी किया था।
भाजपा राज्य उपाध्यक्ष विष्णुवर्धन रेड्डी ने बयान में कह, ‘‘मैं पिछले 20 साल से पार्टी में उनके साथ काम कर रहा हूं। राव एक अनुशासित एवं प्रतिबद्ध कार्यकर्ता थे। मैं उनके निधन से सकते में हूं। उनका निधन राज्य में पार्टी के लिए क्षति है।’’
मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने भी राव के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने पूरे राजकीय सम्मान के साथ राव का अंतिम संस्कार किए जाने के निर्देश दिए।
तेलुगु देशम के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू ने भी राव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)