देश की खबरें | डीईआरसी के अध्यक्ष बने पूर्व न्यायाधीश जयंत नाथ, केजरीवाल ने दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन

नयी दिल्ली, 31 अगस्त दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को डीईआरसी अध्यक्ष का पदभार संभालने वाले न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) जयंत नाथ को अपनी सरकार की ओर से “पूरा सहयोग” प्रदान करने का आश्वासन दिया।

ऊर्जा मंत्री आतिशी ने दिल्ली सचिवालय में सादे समारोह में नाथ को शपथ दिलाई।

आतिशी ने कहा कि वह ऊर्जा क्षेत्र में सुधार के लिए नाथ के साथ काम करने को लेकर उत्सुक हैं।

अधिकारियों ने कहा कि शपथ लेने के बाद नाथ ने मालवीय नगर में स्थित डीईआरसी कार्यालय में कार्यभार संभाला।

दिल्ली विद्युत विनियामक आयोग (डीईआरसी) का प्रमुख कौन चाहिए, इसको लेकर दिल्ली सरकार और उपराज्यपाल के बीच खींचतान के बाद उच्चतम न्यायालय ने चार अगस्त को दिल्ली उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश नाथ को इसका अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया था।

केजरीवाल ने डीईआरसी के नए अध्यक्ष को अपनी सरकार की ओर से पूरा सहयोग दिए जाने का आश्वासन दिया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “मैं डीईआरसी के नए अध्यक्ष के रूप में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति जयंत नाथ जी का तहे दिल से स्वागत करता हूं। बधाइयां और शुभकामनाएं। बिजली एक बहुत ही महत्वपूर्ण क्षेत्र है और हम इसमें सुधार लाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं। मैं अपनी सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन देता हूं।”

नाथ की जिम्मेदारियों में चालू वित्त वर्ष के लिए नयी बिजली दरों की घोषणा करना भी शामिल है। पिछले साल कई कारणों से दरों की घोषणा नहीं की जा सकी थी। इन कारणों मे तीन सदस्यीय डीईआरसी के अध्यक्ष और एक सदस्य का पद खाली होना भी शामिल था।

नौ जनवरी, 2023 को न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) शबीहुल हसनैन के पद छोड़ने के बाद से डीईआरसी अध्यक्ष का पद खाली था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)