देश की खबरें | झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, आजसू के सुदेश महतो ने विस चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो और अन्य ने शुक्रवार को राज्य विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया।
सरायकेला/रांची, 25 अक्टूबर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो और अन्य ने शुक्रवार को राज्य विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया।
सोरेन ने सरायकेला से भाजपा उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया।
राज्य के 43 विधानसभा क्षेत्रों में 13 नवंबर को पहले चरण में मतदान होगा जिनमें सरायकेला भी शामिल है।
पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया 18 अक्टूबर को शुरू हुई थी और यह 25 अक्टूबर तक जारी रहेगी।
झामुमो नेताओं द्वारा ‘‘अपमानित’’ किए जाने का दावा करते हुए 30 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए सोरेन ने कहा किया कि राज्य में भाजपा के पक्ष में लहर है।
उन्होंने कहा, ‘‘कोल्हान क्षेत्र के साथ-साथ पूरे झारखंड में भाजपा के पक्ष में लहर है। भाजपा इस बार सभी 81 सीट जीतेगी और सरकार बनाएगी।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के संथाल परगना क्षेत्र में आदिवासियों की आबादी कम हो गई है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘झारखंड की मौजूदा सरकार ने बांग्लादेशी घुसपैठियों को रोकने के लिए कभी काम नहीं किया।’’
सरायकेला सीट से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार गणेश महली ने भी शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया। वह हाल ही में भाजपा छोड़कर झामुमो में शामिल हुए थे।
झामुमो ने बृहस्पतिवार को अपने उम्मीदवारों की चौथी सूची में इस सीट के लिए पार्टी के उम्मीदवार के रूप में महली के नाम की घोषणा की थी।
आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो ने सिल्ली से अपना नामांकन दाखिल किया। यह सीट उन 38 विधानसभा क्षेत्रों में से एक है जहां 20 नवंबर को दूसरे चरण में मतदान होगा।
नामांकन के समय महतो के साथ असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा भी मौजूद थे।
जीत पर भरोसा जताते हुए महतो ने कहा कि लोग विकास के लिए मतदान करेंगे।
आजसू झारखंड में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का घटक दल है।
राजग में सीट बंटवारे की व्यवस्था के अनुसार, भाजपा 68 सीट पर, आजसू पार्टी 10, जनता दल (यूनाइटेड) दो और लोजपा (रामविलास) एक सीट पर चुनाव लड़ेगी।
झारखंड विधानसभा चुनाव 13 नवंबर और 20 नवंबर को दो चरणों में होगा तथा मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।
पहले चरण वाली 43 विधानसभा सीट के लिए बृहस्पतिवार तक 433 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया।
दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 22 अक्टूबर से शुरू हुई थी और यह 29 अक्टूबर तक जारी रहेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 25, 2024 04:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

