इराक के पूर्व खुफिया प्रमुख मुस्तफा अल-कदीमी ने ली प्रधानमंत्री पद की शपथ
संसद सत्र में 255 सांसदों ने भाग लिया और उन्होंने इराक के प्रधानमंत्री के तौर पर मुस्तफा अल-कदीमी के नाम के प्रस्ताव को मंजूरी दी, जिससे देश में पांच महीने से चल रहा नेतृत्व का संकट खत्म हो गया।
बगदाद, सात मई (एपी) इराक में कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के कारण पैदा हुए गंभीर आर्थिक संकट के बीच खुफिया एजेंसी के पूर्व प्रमुख मुस्तफा अल-कदीमी ने देश के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली।
संसद सत्र में 255 सांसदों ने भाग लिया और उन्होंने इराक के प्रधानमंत्री के तौर पर मुस्तफा अल-कदीमी के नाम के प्रस्ताव को मंजूरी दी, जिससे देश में पांच महीने से चल रहा नेतृत्व का संकट खत्म हो गया।
सांसदों ने 15 मंत्री पद के नाम स्वीकार किए और पांच खारिज कर दिए जिनमें व्यापार, न्याय, संस्कृति, कृषि और प्रवास मंत्रालय शामिल हैं। इराक के संविधान के अनुसार अगर मंत्रिमंडल के आधे से अधिक प्रस्तावित पदों को मंजूरी दे दी जाती है तो सरकार बन सकती है।
कदीमी को जब प्रधानमंत्री पद के लिए मनोनीत किया गया था तो उन्होंने खुफिया प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने ऐसे समय में प्रधानमंत्री पद का कार्यभार संभाला है, जब तेल राजस्व में गिरावट के बीच इराक अभूतपूर्व संकट का सामना कर रहा है।
कदीमी ने सत्र के दौरान सांसदों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘यह सरकार हमारे देश के सामने आ रहे सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक संकट से निपटने के लिए आई है। यह सरकार समस्याओं का समाधान देगी, न कि संकट बढ़ाएगी।’’
अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने अल-कदीमी की नयी सरकार का स्वागत किया। अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मोर्गन ओर्टागस ने एक बयान में कहा कि पोम्पिओ ने नए प्रधानमंत्री से बात की और कोरोना वायरस से निपटने एवं भ्रष्टाचार से लड़ने के मुद्दों पर चर्चा की।
बयान में कहा गया है कि पोम्पिओ और अल-कदीमी ने आगामी अमेरिका-इराक संवाद पर भी चर्चा की।
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2020 10:50 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

