पूर्व हॉकी खिलाड़ी अशोक दीवान की तबीयत बेहतर, अमेरिका से लौटेंगे
पिछले महीने दीवान ने अमेरिका से वापसी के लिये मदद मांगी थी । वह कोरोना वायरस महामारी के बाद जारी लॉकडाउन के कारण वहां फंस गए थे ।
नयी दिल्ली, छह मई विश्व कप विजेता पूर्व हॉकी गोलकीपर अशोक दीवान ने भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) को बताया है कि अब उनकी स्थिति बेहतर है और वह जल्दी ही अमेरिका से स्वदेश लौटेंगे ।
पिछले महीने दीवान ने अमेरिका से वापसी के लिये मदद मांगी थी । वह कोरोना वायरस महामारी के बाद जारी लॉकडाउन के कारण वहां फंस गए थे ।
उन्होंने आईओए अध्यक्ष नरिंदर बत्रा से संपर्क करके उनकी बात उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का अनुरोध किया था । खेल मंत्रालय ने विदेश मंत्रालय को इसकी जानकारी दी थी ।
दीवान ने बुधवार को बत्रा को भेजे संदेश में कहा ,‘‘ आपके और ईश्वर के आशीर्वाद से मेरी सेहत अब बेहतर है ।मैने स्वदेश लौटने के लिये भारतीय दूतावास में रजिस्ट्रेशन करा लिया है ।अब उनकी ओर से सकारात्मक खबर का इंतजार है ।’’
विश्व कप 1975 के विजेता पूर्व खिलाड़ी ने खेल मंत्री किरेन रीजीजू और अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू को भी धन्यवाद दिया।
दीवान पिछले साल दिसंबर में अपने बेटे के पास अमेरिका गए थे और उन्हें 20 अप्रैल को ही लौटना था लेकिन यात्रा प्रतिबंधों के कारण नहीं आ सके ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 06, 2020 11:57 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

