एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कांग्रेस के पूर्व सचिव राणा गोस्वामी भाजपा में शामिल, हिमंत ने ‘ऐतिहासिक दिन’ बताया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की असम इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले राणा गोस्वामी बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये।

देश की खबरें | कांग्रेस के पूर्व सचिव राणा गोस्वामी भाजपा में शामिल, हिमंत ने ‘ऐतिहासिक दिन’ बताया

गुवाहाटी, 29 फरवरी कांग्रेस की असम इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले राणा गोस्वामी बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने भाजपा में उनका स्वागत किया और इसे पूर्वोत्तर राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी के लिए एक ‘ऐतिहासिक दिन’ बताया।

यहां राज्य मुख्यालय में एक समारोह में कांग्रेस के पूर्व सचिव गोस्वामी को औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल करते हुए शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के और भी नेता उनका अनुसरण करेंगे।

भाजपा की असम इकाई के अध्यक्ष भाबेश कालिता और मंत्री रनोज पेगु तथा पीयूष हजारिका भी इस मौके पर मौजूद थे।

मुख्यमंत्री शर्मा ने बाद में पत्रकारों से कहा, ‘‘भाजपा की असम इकाई के लिए आज एक ऐतिहासिक दिन है। कांग्रेस के दो कार्यकारी अध्यक्षों, जिनमें से एक कांग्रेस के सचिव थे और प्रियंका गांधी जैसे लोगों के साथ काम करते थे, ने भाजपा को समर्थन दिया है।’’

गोस्वामी ने बुधवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था जबकि पार्टी के एक अन्य कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधायक कमलाख्या डे पुरकायस्थ ने पिछले सप्ताह पद से इस्तीफा दे दिया था और विपक्षी दल से बाहर निकले बिना, भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार को समर्थन दिया।

शर्मा ने कहा, ‘‘पुरकायस्थ ने भी विधानसभा के अंदर और बाहर सरकार को पूरा समर्थन दिया है। अभी कांग्रेस के और कई नेता भाजपा में शामिल होंगे।’’

बाद में पत्रकारों से बात करते हुए गोस्वामी ने कहा, ‘‘मैंने कांग्रेस में अपनी पारी समाप्त कर दी है और अपने राज्य और इसके लोगों की सेवा जारी रखने के लिए भाजपा के साथ यह नई पारी शुरू कर रहा हूं।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों और शर्मा के अनुभव ने उन्हें भाजपा की ओर खींचा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में ‘‘नेतृत्व की कमी’’ है। उन्होंने इस बात पर अफसोस जताया कि गुलाम नबी आजाद और ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे लोगों, जिनके साथ उन्होंने करीब से काम किया था, को कांग्रेस छोड़नी पड़ी।

गोस्वामी ने कहा, ‘‘मैं लोगों से जुड़ा रहना चाहता हूं और उनके लिए काम करना चाहता हूं। इसलिए, मैं भाजपा में शामिल हुआ हूं।’’

विधानसभा में विपक्ष के नेता कांग्रेस के देवव्रत सैकिया ने कहा था कि गोस्वामी ने पार्टी छोड़ने का कोई कारण नहीं बताया है।

उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी को गोस्वामी के फैसले के बारे में कुछ अंदाजा था क्योंकि वह कई राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो रहे थे, लेकिन उन्हें अपनी शिकायतों को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के साथ चर्चा करनी चाहिए थी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 29, 2024 10:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).