देश की खबरें | असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई को उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर याद किया गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तरुण गोगोई को मंगलवार को उनकी पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी गई। गोगोई तीन बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे।

गुवाहाटी, 23 नवंबर असम के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तरुण गोगोई को मंगलवार को उनकी पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी गई। गोगोई तीन बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे।

सबसे लंबे समय तक असम के मुख्यमंत्री रहे गोगोई का गौहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कोविड- 19 संबंधी जटिलताओं के बाद निधन हो गया था।

कांग्रेस ने अपने दिवंगत नेता के सम्मान में राज्यभर और साथ ही पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया। गोगोई को हाल में मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।

शहर में गोगोई के परिवार की ओर से भी एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री गोगोई के बेटे गौरव गोगोई कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्वोत्तर राज्य से लोकसभा सांसद हैं।

गौरव गोगोई ने अपने पिता को श्रद्धांजलि देने के लिए ट्वीट किया, ‘‘अपने दिवंगत पिता श्री तरुण गोगोई, विशेष रूप से आम लोगों के साथ उनके जुड़ाव, असम और इसके जटिल मुद्दों के बारे में ज्ञान और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता को याद करता हूं।’’

कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए, असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने गोगोई के विशाल व्यक्तित्व को याद किया। तरुण गोगोई 2001 से 2016 तक असम के तीन बार मुख्यमंत्री रहे।

बोरा ने कहा, ‘‘वह भले ही हमारे बीच भौतिक रूप से मौजूद न हों, लेकिन उनके आदर्श पार्टी का मार्गदर्शन करते हैं।’’ तरुण गोगोई छह बार सांसद और दो बार केंद्रीय मंत्री भी रहे।

इस अवसर पर राजीव भवन में एक सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई। इसमें बोरा, विधानसभा में विपक्ष के नेता देवव्रत सैकिया, पूर्व मंत्री रकीबुल हुसैन और एपीसीसी के पूर्व प्रमुख एवं राज्यसभा सांसद रिपुन बोरा सहित पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

कांग्रेस पार्टी द्वारा गोगोई के गृहनगर जोरहाट सहित राज्य के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह की प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now