नयी दिल्ली, दो मार्च भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश अजीज मुशब्बर अहमदी का उम्र संबंधी बीमारियों की वजह से बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे। उनके परिवार के एक करीबी अधिवक्ता ने यह जानकारी दी।
अधिवक्ता महमूद प्राचा ने कहा कि दक्षिणी दिल्ली के एक निजी अस्पताल में न्यायमूर्ति अहमदी का निधन हो गया।
न्यायमूर्ति अहमदी को दिसंबर, 1988 में न्यायाधीश के रूप में उच्चतम न्यायालय में पदोन्नत किया गया था और उन्होंने 25 अक्टूबर, 1994 को प्रधान न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली थी।
प्रधान न्यायाधीश के रूप में सेवा करने वाले वह तीसरे मुस्लिम न्यायाधीश थे। न्यायमूर्ति अहमदी 24 मार्च, 1997 को सेवानिवृत्त हुए थे।
25 मार्च, 1932 को सूरत में जन्मे न्यायमूर्ति अहमदी को मार्च, 1964 में अहमदाबाद की दीवानी एवं सत्र अदालत में न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। जून 1974 में उन्हें गुजरात सरकार के कानूनी विभाग का सचिव नियुक्त किया गया।
न्यायमूर्ति अहमदी को दो सितंबर, 1976 को गुजरात उच्च न्यायालय में न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY