एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | साइबर धोखाधड़ी कर पूर्व कैप्टन से 11 करोड़ रुपये ठगे, एक गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई में 75 वर्षीय एक सेवानिवृत्त कैप्टन ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर आकर्षक मुनाफे के लालच में आकर साइबर धोखाधड़ी में चार माह में 11.16 करोड़ रुपये गंवा दिए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | साइबर धोखाधड़ी कर पूर्व कैप्टन से 11 करोड़ रुपये ठगे, एक गिरफ्तार

मुंबई, 28 नवंबर मुंबई में 75 वर्षीय एक सेवानिवृत्त कैप्टन ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर आकर्षक मुनाफे के लालच में आकर साइबर धोखाधड़ी में चार माह में 11.16 करोड़ रुपये गंवा दिए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि साइबर धोखाधड़ी के मामले में कुख्यात बदमाश कैफ इब्राहिम मंसूरी को गिरफ्तार किया गया है और पुलिस ने उसके पास से विभिन्न बैंकों के 33 डेबिट कार्ड और 12 चेक बुक बरामद की हैं।

पीड़ित की शेयर बाजार में निवेश में गहरी रुचि थी तथा उन्हें साइबर जालसाजों ने शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच दिया था।

अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में पीड़ित को अपने ऑनलाइन निवेश खाते में मुनाफा दिखाई दिया। हालांकि, जब उन्होंने अपना मुनाफा निकालने की कोशिश की तो उन्हें 20 प्रतिशत सेवा कर शुल्क का भुगतान करने के लिए कहा गया। पीड़ित को एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है, इसलिए उन्होंने दक्षिण साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने बताया, ‘‘इस साल अगस्त और नवंबर के बीच पीड़ित से 11.16 करोड़ रुपये की ठगी की गई।’’

जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि जालसाजों ने रुपये निकालने के लिए कई बैंक खातों का इस्तेमाल किया। पीड़ित ने इन खातों में 22 बार धन राशि अंतरित की थी।

दो खातों की निगरानी करने पर पुलिस को पता चला कि एक महिला ने चेक के माध्यम से छह लाख रुपये निकाले थे, जिसने ‘केवाईसी’ सत्यापन के लिए पैन कार्ड उपलब्ध कराया था।

पूछताछ में महिला ने कैफ इब्राहिम मंसूरी के कहने पर रुपये निकालने की बात कबूल की।

पुलिस ने मंसूरी को दक्षिण मुंबई से गिरफ्तार किया, जहां उसके पास 12 विभिन्न बैंक खातों से जुड़े 33 डेबिट कार्ड मिले जिनका इस्तेमाल पीड़ित की धन राशि से 44 लाख रुपये अंतरित करने के लिए किया गया था।

अधिकारी ने बताया कि मामले में जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 28, 2024 09:50 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).