देश की खबरें | अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 6.05 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा जब्त

अमृतसर, 19 सितंबर पंजाब के अमृतसर में सीमा शुल्क विभाग ने श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक यात्री के पास से 6.05 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा जब्त की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक 18 सितंबर की शाम को अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के सामान की सुरक्षा जांच के दौरान एयरलाइन कर्मचारियों ने सीमा शुल्क अधिकारियों को एक संदिग्ध सामान के बारे में सतर्क किया।

अधिकारियों ने कहा कि सीमा शुल्क विभाग अधिकारियों ने सामान रखने वाले यात्री के विवरण की जांच की और उसे संदिग्ध पाया, जिसके बाद उसकी आवाजाही पर नजर रखी गई।

जब उसे रोका गया और पूछा गया कि क्या वह अपने साथ अतिरिक्त भारतीय या विदेशी मुद्रा ले जा रहा है, तो उसने इनकार किया।

एक अधिकारी ने बताया कि उसके बाद उसके चेक-इन बैग की जांच की गई और विशेष जगहों में छिपाकर रखे गए विदेशी मुद्रा के 80 पैकेट बरामद किए गए।

यात्री के पास से बरामद की गयी नकदी में 7,55,700 अमेरिकी डॉलर के अलावा सऊदी अरब के कुछ रियाल थे।

यात्री इतनी अधिक धन राशि रखने के संबंध में कोई सबूत पेश नहीं कर सका। अधिकारियों ने कहा कि उसे उतार दिया गया और उसके आवास और दुकान पर तलाशी ली गई। यात्री और उसके पिता को हिरासत में ले लिया गया है। इस संबंध में आगे की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)