मुंबई, चार अगस्त देश का विदेशी मुद्रा भंडार 28 जुलाई को समाप्त सप्ताह में 3.16 अरब डॉलर घटकर 603.87 अरब डॉलर रह गया है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
लगातार दूसरे सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट आई है। इससे पिछले सप्ताह में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 1.98 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 607.03 अरब डॉलर रह गया था।
देश का विदेशी मुद्रा भंडार अक्टूबर, 2021 में 645 अरब डॉलर के रिकॉर्ड उच्चस्तर पर पहुंच गया था। लेकिन वैश्विक घटनाओं के कारण पैदा हुए दबाव के बीच रुपये को संभालने के लिए मुद्रा भंडार का उपयोग करने से इसमें गिरावट आई।
रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, 28 जुलाई को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा विदेशी मुद्रा आस्तियां 2.41 अरब डॉलर घटकर 535.33 अरब डॉलर रह गईं।
डॉलर में अभिव्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।
स्वर्ण भंडार का मूल्य 71 करोड़ डॉलर घटकर 44.90 अरब डॉलर रह गया।
आंकड़ों के अनुसार, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 2.9 करोड़ डॉलर घटकर 18.44 अरब डॉलर रह गया।
समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास रखा देश का मुद्रा भंडार 1.1 करोड़ डॉलर घटकर 5.18 अरब डॉलर रह गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY