देश की खबरें | उप्र सरकार पर्यटकों की सुविधा के लिए अयोध्या में सूचना देने वाले कियोस्क लगाएगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश सरकार ने अयोध्या आने वाले तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रमुख स्थानों पर सूचना देने वाले ‘कियोस्क’ लगाने की एक नई पहल शुरू की है।

अयोध्या (उप्र), 13 मार्च उत्तर प्रदेश सरकार ने अयोध्या आने वाले तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रमुख स्थानों पर सूचना देने वाले ‘कियोस्क’ लगाने की एक नई पहल शुरू की है।

अधिकारियों के मुताबिक, ये ‘कियोस्क’ राम मंदिर और हनुमानगढ़ी सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के खुलने के समय, दूरी और अन्य आवश्यक विवरणों के बारे में जानकारी प्रदान करेंगे।

इस पहल के तहत, रेलवे स्टेशनों और हवाई अड्डों सहित चार प्रमुख स्थानों पर सूचना देने वाले ‘कियोस्क’ लगाए जाएंगे। आगंतुकों की सहायता के लिए डिज़ाइन किए गए ये ‘कियोस्क’ न केवल मार्गदर्शन प्रदान करेंगे बल्कि ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन से संबंधित जानकारी भी देंगे।

अयोध्या तीर्थ विकास प्राधिकरण इस परियोजना को लागू करने के लिए काम कर रहा है और अगर यह कामयाब होती है तो इस पहल का विस्तार अन्य स्थानों पर किया जाएगा। प्रत्येक ‘कियोस्क’ की लागत लगभग 2.5 लाख रुपये होगी।

प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) संतोष शर्मा ने कहा, "हमारा उद्देश्य अयोध्या आने वाले तीर्थयात्रियों को सुविधाजनक और जानकारीपूर्ण अनुभव प्रदान करना है। ये ‘कियोस्क’ आगंतुकों को मंदिरों और अन्य अहम स्थानों के बारे में आवश्यक जानकारी प्रदान करेंगे, जिससे उनकी यात्रा सुगम होगी। यह पहल अयोध्या में पर्यटन को बढ़ावा देने में भी योगदान देगी।"

‘कियोस्क’ में एक ‘टचस्क्रीन इंटरफेस’ होगा, जिससे व्यक्ति आसानी से प्रासंगिक जानकारी तक पहुंच हासिल कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त, उनमें ’वॉयस कमांड’ सुविधा भी शामिल हो सकती है। उन्होंने कहा कि एक क्यूआर कोड स्कैनर भी जोड़ा जाएगा, जिससे आगंतुक सीधे अपने मोबाइल फोन पर जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

शर्मा ने कहा कि निर्बाध सेवा सुनिश्चित करने के लिए, यह ‘कियोस्क’ इंटरनेट कनेक्टिविटी व पावर बैकअप सिस्टम जैसी सुविधाओं से लैस होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now