एजेंसी न्यूज

बुंदेसलीगा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं भारत सहित विश्व भर के फुटबाल प्रेमी

यहां तक की ब्राजील में भी मीडिया कवरेज घरेलू फुटबाल से जुड़ी खबरों के बजाय बुंदेसलीगा पर केंद्रित हो गयी है। वहां बोरूसिया डोर्टमंड और शाल्के के बीच खाली स्टेडियम में होने वाले मैच को लेकर दर्शकों की राय जानी जा रही है।

बुंदेसलीगा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं भारत सहित विश्व भर के फुटबाल प्रेमी

इंग्लैंड की प्रीमियर लीग, स्पेन की ला लिगा और इटली की सेरी ए अब भी कोरोना वायरस के कारण शुरू नहीं हो पायी हैं ऐसे में शनिवार से शुरू होने वाली बुंदेसलीगा पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

यहां तक की ब्राजील में भी मीडिया कवरेज घरेलू फुटबाल से जुड़ी खबरों के बजाय बुंदेसलीगा पर केंद्रित हो गयी है। वहां बोरूसिया डोर्टमंड और शाल्के के बीच खाली स्टेडियम में होने वाले मैच को लेकर दर्शकों की राय जानी जा रही है।

ब्राजील का सबसे बड़ा मीडिया समूह ग्लोबो भी उन खिलाड़ियों के साक्षात्कार कर रहा है जो बुंदेसलीगा में खेलते हैं। इनमें वोल्फसबर्ग के मिडफील्डर विलियम भी हैं जिन्होंने स्वीकार किया कि खिलाड़ी अपने स्वास्थ्य को लेकर थोड़ा चिंतित हैं।

भारत में शहरी युवा विदेशी फुटबाल लीग को पसंद करते हैं लेकिन उनमें से अधिकर प्रीमियर लीग के मैच देखते हैं तथा चेल्सी, लिवरपूल और मैनचेस्टर यूनाईटेड जैसी टीमों के समर्थक है। इनमें से कुछ फुटबाल प्रेमी ही ऐसे हैं जो ला लिगा और बुंदेसलीगा को देखते हैं।

दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र अमजद रेहान इब्राहीम ने कहा, ‘‘मैं इस सप्ताहांत बुंदेसलीगा के शुरू होने का इंतजार कर रहा हूं। मैं फुटबाल मैचों का सीधा प्रसारण देखने के लिये बेताब हूं।’’

भारत के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जेजे लालपेखुलुआ ने कहा कि वह भी बुंदेसलीगा के मैचों के लिये भारतीय प्रसारक स्टार स्पोर्ट्स और हॉटस्टार को देखेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘इतने लंबे समय तक फुटबाल के बिना रहना मुश्किल है। मैं निश्चित तौर पर इन मैचों को देखूंगा। ’’

जापान में स्काई परफेक्ट इस सप्ताहांत बुंदेसलीगा के दो मैचों को मुफ्त में दिखाएगा। यूरोप में भी फुटबाल प्रेमी इस लीग का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

स्पेनिश चैनल मूवीस्टार पर बुंदेसलीगा मैचों के कमेंटेटर एडोल्फो बारबेरो ने कहा, ‘‘ मैंने पिछले 20 वर्षों में बुंदेसलीगा को लेकर लोगों में इतनी दिलचस्पी नहीं देखी। अधिकतर लोग बायर्न म्यूनिख, डोर्टमंड या बेयर लेवरकुसेन के प्रशंसक ही रहे हैं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अब वे फोर्चुना डुसेलडोर्फ और पेडेरबोर्न जैसी टीमों के मैच भी देखना चाहते हैं। ’’

चीन में भी जून तक सुपर लीग शुरू नहीं हो पाएगी और वे जर्मन फुटबाल की वापसी पर करीबी नजर रखे हुए हैं।

एएफपी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 13, 2020 11:18 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).