देश की खबरें | महिला को आपत्तिजनक संदेश भेजने के मामले में खाद्य सामग्री पहुंचाने वाला कर्मी गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाली एक कंपनी के 60 वर्षीय प्रतिनिधि को व्हाट्सऐप और अन्य मंचों पर एक महिला को कथित तौर पर आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 10 जुलाई खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाली एक कंपनी के 60 वर्षीय प्रतिनिधि को व्हाट्सऐप और अन्य मंचों पर एक महिला को कथित तौर पर आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि आरोपी की पहचान राम चंद्र शुक्ला के रूप में हुई है जो गोकुलपुरी का निवासी है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नयी दिल्ली) हेमंत तिवारी ने बताया कि एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई की कोई अज्ञात व्यक्ति व्हाट्सऐप, टेलीग्राम और ई-मेल खातों पर उसे अभद्र संदेश भेज रहा है।

तिवारी ने बताया कि जांच में पता चला कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल की जा रही ई-मेल आईडी से एक मोबाइल नंबर जुड़ा था जो राम चंद्र शुक्ला के नाम से पंजीकृत है। शुक्ला को एक नोटिस भेजा गया और वह पूछताछ के लिए आया।

उपायुक्त ने बताया कि आरोपी खाद्य पदार्थ आपूर्ति करने वाली एक कंपनी के प्रतिनिधि के रूप में काम करता है और इससे पहले ऑटो-रिक्शा चलाता था।

तिवारी ने बताया कि आरोपी उसके ऑटो-रिक्शा में सवार होने वाली या खाना मंगाने वाली महिला ग्राहकों के नंबर दर्ज कर लेता था और बाद में उन्हें आपत्तिजनक तथा अभद्र संदेश भेजता।

पुलिस ने कहा कि आगे की जांच जारी है और अन्य पीड़ित महिलाओं की भी तलाश की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now