कर्नाटक से 5000 से अधिक यात्रियों को लेकर पांच विशेष ट्रेन विभिन्न गंतव्य स्थानों के लिए रवाना हुईं
दक्षिण पश्चिम रेलवे के अधिकारियों के अनुसार ऊधमपुर के लिए ट्रेन चिकबनावर से दोपहर साढ़े 12 बजे 985 यात्रियों के साथ रवाना हुई।
बेंगलुरु, 10 मई ऊधमपुर सहित विभिन्न गंतव्य स्थानों के लिए करीब 5700 यात्रियों को लेकर पांच विशेष ट्रेनें रविवार को रवाना हुईं। यह जानकारी रेलवे अधिकारियों ने दी।
दक्षिण पश्चिम रेलवे के अधिकारियों के अनुसार ऊधमपुर के लिए ट्रेन चिकबनावर से दोपहर साढ़े 12 बजे 985 यात्रियों के साथ रवाना हुई।
दूसरी ट्रेन कोलार जिले के मालुर से 1200 यात्रियों और 47 बच्चों को लेकर बांकुरा के लिए अपराह्न दो बजकर 10 मिनट पर रवाना हुई जबकि तीसरी ट्रेन चिक्कबनावरा से शाम चार बजकर पांच मिनट पर ग्वालियर के लिए 1068 यात्रियों को लेकर रवाना हुई।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि चौथी विशेष ट्रेन 1200 यात्रियों के साथ मालुर से शाम चार बजकर 55 मिनट पर दानापुर के लिए रवाना हुई।
उन्होंने कहा कि पांचवीं श्रमिक विशेष ट्रेन 1200 लोगों को लेकर गोरखपुर के लिए रवाना हुई।
सभी यात्रियों को भोजन के पैकेट और पानी की बोतल मुहैया करायी गई।
दक्षिण पश्चिम रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि खाने के पैकेट में चावल, चपाती, बिस्किट, कुकीज, अचार, पानी की बोतल, छाछ थी।
अधिकारियों ने कहा, ‘‘एहतियात के तौर पर इसमें कोई पैट्री कार नहीं है। पूरी यात्रा के दौरान भोजन आईआरसीटीसी के बेस किचन से मुहैया कराया जाएगा। कितनी बार भोजन मुहैया कराया जाएगा यह यात्रा की अवधि पर निर्भर करेगा।’’
अधिकारियों ने कहा कि एहतियाती कदम के तौर पर आईआरसीटीसी और रास्ते में पड़ने वाले अन्य मंडलों को यात्रियों की जानकारी मुहैया करायी गई है। यात्रियों से यह जानकारी यात्रा शुरू होने से पहले एकत्रित की गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 10, 2020 09:45 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

