गुवाहाटी, 23 अगस्त असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान और उसके आसपास के विभिन्न इलाकों से पांच शिकारियों को गिरफ्तार किया गया है और भारी मात्रा में जंगली जानवरों के अंग बरामद किए गए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि काजीरंगा में शिकारियों की मौजूदगी के संबंध में विशेष सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए असम की स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) की एक अभियान टीम मंगलवार को गुवाहाटी से नागांव जिले के कालियाबोर पहुंची।
उनके साथ असम वन्यजीव अपराध नियंत्रण बोर्ड (डब्ल्यूसीसीबी) इकाई की एक टीम भी मौजूद थी, तथा नागांव जिले के जखलाबंधा पुलिस थाने और कलियाबोर पुलिस थाने के तहत विभिन्न स्थानों पर एक संयुक्त अभियान चलाया गया था।
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किये गये शिकारियों की पहचान मोहम्मद गफ़र कुरैशी, मोहम्मद ओकील कुरैशी, मोहम्मद सफीकुल इस्लाम, उज्जल भराली और आदित्य सरमा के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि अभियान टीम ने उनके कब्जे से 12 हाथीदांत, बाघ के दो दांत, गैंडे के 15 खुर, हिरण का एक सींग, एक किलो पैंगोलिन स्केल और पांच मोबाइल फोन जब्त किए।
एसटीएफ टीम ने आगे की जांच के लिए शिकारियों को जाखलाबांधा पुलिस को सौंप दिया जहां शिकारियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY