देश की खबरें | उत्तर प्रदेश में सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित पांच लोगों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गोरखपुर में दो मोटरसाइकिल की भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
गोरखपुर (उप्र), सात दिसंबर गोरखपुर में दो मोटरसाइकिल की भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
इन मोटरसाइकिल की टक्कर से बचने की कोशिश में एक अन्य मोटरसाइकिल सवार ट्रक में जा घुसा। पुलिस ने बताया कि मोहद्दीपुर बिजलीघर के पास शुक्रवार देर रात हुई इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मोहद्दीपुर बिजली कॉलोनी निवासी विक्रांत (35) अपनी पत्नी निकिता (30), बेटे अंगद (पांच) और बेटी लाडो (एक) और परी के साथ जटेपुर उत्तरी में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि जब वह नहर मार्ग की ओर मुड़े तो उनकी मोटरसाइकिल कुंद्राघाट की ओर से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल से टकरा गई।
उसने बताया कि दो मोटरसाइकिल की टक्कर से बचने के प्रयास में तीसरा मोटरसाइकिल सवार एक ट्रक में जा घुसा। पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां विक्रांत और उनकी बेटियों, रुस्तमपुर निवासी मोनू चौहान (32) और बेतियाहाता हनुमान मंदिर क्षेत्र निवासी सूरज (28) को मृत घोषित कर दिया गया।
मोनू और सूरज दोनों एक अन्य समारोह से लौट रहे थे।
निकिता, अंगद और चिन्मयानंद मिश्रा की हालत गंभीर है और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में उपचार किया जा रहा है। मिश्रा तीसरी मोटरसाइकिल पर सवार लोगों में से है।
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर घटनास्थल पर तथा मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
विक्रांत के परिवार के सदस्यों ने बताया कि उन्होंने उसे समारोह के बाद वहीं रुकने के लिए कहा था, लेकिन उसने घर लौटने का फैसला किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गोरखपुर में एक सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने प्रभु श्री राम से दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 07, 2024 02:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

