एजेंसी न्यूज

अमरोहा में दो बाइक की टक्कर में बच्ची समेत पांच लोगों की मौत

अमरोहा जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र में दो बाइक की टक्कर में एक बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गये. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

अमरोहा में दो बाइक की टक्कर में बच्ची समेत पांच लोगों की मौत
प्रतिकात्मक तस्वीर (Photo Credits ANI)

अमरोहा (उप्र),10 मई : अमरोहा जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र में दो बाइक की टक्कर में एक बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गये. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. आदमपुर के थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चे सहित तीन लोगों को पास के सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जिसमें दो की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है. पुलिस के अनुसार, सोमवार की रात एक मोटर साइकिल से दो बच्चों समेत छह लोग एक विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी आदमपुर मोड़ के पास दूसरी तरफ से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी मोटरसाइकिल टकरा गई.

दूसरी बाइक पर दो लोग सवार थे. पुलिस के अनुसार टक्कर में एक बाइक पर सवार फूल सिंह (55), नरेश (35), सतपाल (22) और छवि (पांच) तथा दूसरी बाइक पर सवार आकाश (26) की मौके पर ही मौत हो गई. इसके अलावा, छह वर्षीय लव कुश तथा विजेंद्र और कपिल गंभीर रूप से घायल हो गये. यह भी पढ़ें: Mumbai: दाऊद इब्राहिम के शार्प शूटर्स, तस्करों के 29 ठिकानों पर छापेमारी, आज फिर 15 लोगों से होगी पूछताछ

पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि कोई भी बाइक सवार यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहा था. उन्होंने बताया कि बारात में शामिल होकर लौटने वाले सभी गुरैठा गांव के निवासी थे, जबकि दूसरी बाइक पर बैठे दो अन्य सवार मोहल्ला कालाशहीद हसनपुर के रहने वाले हैं. मरने वालों में गुरैठा के चार लोग तथा हसनपुर का एक अन्य व्यक्ति शामिल है.

(The above story first appeared on LatestLY on May 10, 2022 12:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).