एजेंसी न्यूज

Karnataka Road Accident: कर्नाटक में मिनी बस के खड़े ट्रक से टकराने से पांच लोगों की मौत, 11 अन्य घायल

कर्नाटक में कलबुर्गी जिले के जेवर्गी तालुक में नेलोगी क्रॉस के पास शनिवार तड़के एक मिनी बस के खड़े ट्रक से कथित तौर पर टकरा जाने से 13 वर्षीय एक किशोरी समेत पांच लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी.

Karnataka Road Accident: कर्नाटक में मिनी बस के खड़े ट्रक से टकराने से पांच लोगों की मौत, 11 अन्य घायल

कलबुर्गी (कर्नाटक), 5 अप्रैल : कर्नाटक में कलबुर्गी जिले के जेवर्गी तालुक में नेलोगी क्रॉस के पास शनिवार तड़के एक मिनी बस के खड़े ट्रक से कथित तौर पर टकरा जाने से 13 वर्षीय एक किशोरी समेत पांच लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि सभी यात्री बगलकोट के रहने वाले थे और वे कलबुर्गी जिले में एक दरगाह जा रहे थे, इसी दौरान तड़के करीब साढ़े तीन बजे यह दुर्घटना हो गई.

कलबुर्गी के पुलिस अधीक्षक ए श्रीनिवासुलु ने बताया कि दुर्घटना इतनी भयानक थी कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए. प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि कथित तौर पर तेज गति से चल रही मिनी बस का चालक नींद में था और उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया जिसके कारण बस खड़े ट्रक से टकरा गई. उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है. यह भी पढ़ें : भाजपा नेता आखिरी क्षण तक वक्फ विधेयक पर शिवसेना का समर्थन लेने की कोशिश करते रहे: राउत

पुलिस ने बताया कि शुरुआत में उसे लगा कि मिनी बस का चालक दुर्घटना के बाद मौके से भाग गया होगा, लेकिन बाद में उसे खून से लथपथ सड़क पर पड़ा पाया गया. उसका अस्पताल में इलाज हो रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 के तहत लापरवाही के कारण मौत का मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 05, 2025 01:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).