देश की खबरें | बस्तर में पांच नक्सली गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने पांच नक्सलियों को गिरफ्तार किया है।
रायपुर, 25 अप्रैल छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने पांच नक्सलियों को गिरफ्तार किया है।
बस्तर क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यहां बताया कि सुरक्षा बलों ने क्षेत्र के सुकमा जिले में चार नक्सलियों तथा बीजापुर जिले में एक नक्सली को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुकमा जिले के तोंगपाल थाना से रविवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और जिला बल के संयुक्त दल को बेंगपाल मोड़ और झीरम घाटी की ओर रवाना किया गया था।
उन्होंने बताया कि जब सुरक्षा बल के जवान बेंगपाल मोड़ के करीब थे तब कुछ लोग वहां से भागने का प्रयास करने लगे। बाद में पुलिस दल ने घेराबंदी कर चार नक्सलियों गंगो कुंजामी (35), फगनू सोड़ी (40), हड़मा मड़कामी (20) और बामन करटामी (20) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली दरभा डिविजन के अंतर्गत कटेकल्याण एरिया कमेटी में मिलिशिया सदस्य के रूप में कार्य कर रहे थे। सुरक्षा बलों ने उनसे नक्सली पर्चा बरामद किया है।
अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने हत्या, हत्या का प्रयास, आगजनी, विस्फोट और लूट की घटना में शामिल एक नक्सली को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि बीजापुर जिले के तोंगपाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत चेरपाल गांव में सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर नक्सली रैनु ओयाम (21) को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली के सिर पर 10 हजार रुपए का इनाम है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 25, 2022 11:01 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

