देश की खबरें | छत्तीसगढ़ के सुकमा में पांच नक्सली गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने एक इनामी नक्सली समेत पांच नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सुकमा, 18 जून छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने एक इनामी नक्सली समेत पांच नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने एक अभियान के दौरान सोमवार को जगरगुंडा थाना क्षेत्र में पांच नक्सलियों मुचाकी बुधरा (35), माड़वी सोमड़ू (30), कुंजाम बिच्चेम (25), माड़वी धुरवा (30) और डोडी सोमड़ू (30) को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि बुधरा के ऊपर दो लाख रुपये का इनाम है।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में जारी नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस को सोमवार 16 जून को जगरगुंडा थाना क्षेत्र में नक्सली गतिविधि की सूचना मिली जिसके बाद सुरक्षाबलों को क्षेत्र के पूवर्ती और करीब के गांवों में रवाना किया गया।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने पूवर्ती गांव के मिसीपारा और ओईपारा की घेराबंदी कर पामेड़ एरिया कमेटी में सक्रिय पांच नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ इस माह की सात तारीख को पूवर्ती के ग्राम पटेल रामा बोड़के की पुलिस मुखबिरी के आरोप में हत्या करने का आरोप है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों से कुल्हाड़ी और लाठी/डंडा बरामद किए हैं जिसका इस्तेमाल उन्होंने रामा की हत्या में किया था।
अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया।
सं संजीव
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 18, 2025 09:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

