एजेंसी न्यूज

कर्फ्यू तोड़कर मंदिर के सामने जुटे पांच श्रद्धालु गिरफ्तार, वीडियो वायरल

सर्राफा पुलिस थाने की प्रभारी अमृता सोलंकी ने बताया कि नरसिंह बाजार क्षेत्र स्थित नरसिंह मंदिर के सामने जमा हुए पांच लोगों को भारतीय दंड विधान की धारा 188 (किसी सरकारी अधिकारी का आदेश नहीं मानना) के तहत गिरफ्तार किया गया। मामले के कुछ अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

कर्फ्यू तोड़कर मंदिर के सामने जुटे पांच श्रद्धालु गिरफ्तार, वीडियो वायरल
जमात

इंदौर, छह मई कोरोना वायरस के प्रकोप के मद्देनजर यहां जारी कर्फ्यू के दौरान बुधवार को नरसिंह जयंती पर एक मंदिर के सामने जुटे श्रद्धालुओं में शामिल पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

सर्राफा पुलिस थाने की प्रभारी अमृता सोलंकी ने बताया कि नरसिंह बाजार क्षेत्र स्थित नरसिंह मंदिर के सामने जमा हुए पांच लोगों को भारतीय दंड विधान की धारा 188 (किसी सरकारी अधिकारी का आदेश नहीं मानना) के तहत गिरफ्तार किया गया। मामले के कुछ अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।

उन्होंने बताया कि आरोपी कर्फ्यू तोड़ते हुए धर्मस्थल के बाहर एकत्र हुए थे, जबकि पुलिस ने कोरोना वायरस संक्रमण के खतरे के चलते वहां आम श्रद्धालुओं को धार्मिक कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति देने से साफ इंकार पहले ही कर दिया था।

इस घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गये हैं। इनमें से एक वीडियो में मास्क पहने श्रद्धालु भगवान नरसिंह के मंदिर के सामने खड़े होकर उनकी आरती गाते नजर आ रहे हैं। इनमें से कुछ लोग मुख्य सड़क पर खड़े होकर ताली बजाते हुए आरती में शामिल हो रहे हैं। श्रद्धालुओं के पास दो पुलिस कर्मी भी खड़े नजर आ रहे हैं।

दूसरे वीडियो में मौके पर पहुंचीं महिला थाना प्रभारी इस बात को लेकर आग-बबूला दिखायी दी रही हैं कि धार्मिक आयोजन की सरकारी अनुमति नहीं होने के बावजूद श्रद्धालु मंदिर के सामने जुटकर कर्फ्यू का उल्लंघन कर रहे हैं।

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक रेड जोन में शामिल इंदौर जिले में कोरोना वायरस के अब तक 1,681 मरीज मिल चुके हैं। इनमें से 81 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।

इंदौर में कोरोना वायरस का पहला मरीज मिलने के बाद से प्रशासन ने 25 मार्च से शहरी सीमा में कर्फ्यू लगा रखा है, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 06, 2020 11:05 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).