देश की खबरें | सांसद कनिमोई को टिकट देने से जुड़े विवाद के बाद पहली महिला बस चालक ने नौकरी छोड़ी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. द्रमुक सांसद कनिमोई के एक बस में यात्रा करने के दौरान उनका टिकट काटे जाने से नाराज शहर की पहली महिला बस चालक शर्मिला ने इस नौकरी से इस्तीफा दे दिया है।

कोयंबटूर (तमिलनाडु), 23 जून द्रमुक सांसद कनिमोई के एक बस में यात्रा करने के दौरान उनका टिकट काटे जाने से नाराज शहर की पहली महिला बस चालक शर्मिला ने इस नौकरी से इस्तीफा दे दिया है।

शर्मिला ने आरोप लगाया कि द्रमुक सांसद ने टिकट खरीदा था, लेकिन एक महिला परिचालक ने इस मामले में उनका अपमान किया।

मामला कनिमोई के साथ यात्रा कर रहे लोगों के टिकट से जुड़ा है।

द्रमुक सांसद ने शहर में गांधीपुरम से पीलामेदू तक बस यात्रा की थी। इसके कुछ ही मिनट बाद शर्मिला ने कहा कि उसे अपनी पसंदीदा नौकरी छोड़नी पड़ी क्योंकि उसकी एक साथी ने कथित रूप से कनिमोई का अपमान किया था और उसकी कंपनी ने उस पर बस में यात्रा के लिए जानीमानी हस्तियों को बुलाकर प्रचार पाने का आरोप लगाया था।

शर्मिला ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कनिमोई मैडम ने वादे के मुताबिक बस में सफर किया और मैं बस चला रही थी। लेकिन परिचालक ने सांसद से टिकट खरीदने को कहा और इस वजह से उसके और परिचालक के बीच बहस हो गयी।’’

शर्मिला ने दावा किया कि उसने अपने प्रबंधन को सांसद की प्रस्तावित यात्रा के बारे में जानकारी दे दी थी लेकिन द्रमुक नेता के साथ हुआ अपमानजनक कृत्य उन्हें रास नहीं आया।

महिला बस चालक (24) के मुताबिक जब उसने और उसके पिता ने इस मुद्दे को बस प्रबंधन के साथ उठाया तो उस पर बस में यात्रा के लिए मशहूर लोगों को बुलाकर प्रचार पाने का आरोप लगाया गया।

शहर की पहली महिला बस चालक के रूप में लोकप्रिय हुई शर्मिला के अनेक वीडियो सोशल मीडिया पर देखे जा सकते हैं।

उसने कहा कि भाजपा विधायक वनती श्रीनिवासन ने भी उसकी बस में सफर किया था।

हालांकि, बस मालिक दुरई कन्नन ने आज कनिमोई के बस में सफर करने के बारे में जानकारी होने से इनकार कर दिया।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘अगर हमें बताया गया होता तो हम सांसद के लिए उचित बंदोबस्त करते।’’

कन्नन ने इस आरोप को भी खारिज कर दिया कि प्रबंधन ने शर्मिला को नौकरी छोड़ने के लिए मजबूर किया और कहा कि उसने खुद काम छोड़ा है।

महिलाओं के खिलाफ साइबर अपराध पर एक बैठक में शामिल होने के लिए शहर पहुंची कनिमोई ने बस चालक बनने के प्रयासों के लिए शर्मिला की तारीफ की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now