एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कश्मीर के मैदानी इलाकों में मौसम की पहली बर्फबारी, उत्तर भारत में ठंड बढ़ी, दक्षिण में बारिश

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लंबे समय से जारी शुष्क दौर के बाद कश्मीर के मैदानी इलाकों में बृहस्पतिवार को मौसम की पहली बर्फबारी हुई। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली जैसे अन्य उत्तरी राज्यों में ठंड बढ़ गई है, जबकि दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश हुई।

देश की खबरें | कश्मीर के मैदानी इलाकों में मौसम की पहली बर्फबारी, उत्तर भारत में ठंड बढ़ी, दक्षिण में बारिश

नयी दिल्ली, 12 दिसंबर लंबे समय से जारी शुष्क दौर के बाद कश्मीर के मैदानी इलाकों में बृहस्पतिवार को मौसम की पहली बर्फबारी हुई। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली जैसे अन्य उत्तरी राज्यों में ठंड बढ़ गई है, जबकि दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश हुई।

जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में बर्फबारी देखने को नहीं मिली, जबकि शोपियां, पुलवामा और बारामूला के मैदानी इलाकों के साथ-साथ अनंतनाग, बडगाम और बांदीपोरा के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई।

गुलमर्ग, सोनमर्ग, तंगमर्ग, गुरेज और जोजिला दर्रे जैसे पर्यटक स्थलों सहित घाटी के ऊपरी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई।

अधिकारियों ने बताया कि जोजिला दर्रे पर बर्फ जमा होने के कारण श्रीनगर-लेह राजमार्ग यातायात के लिए बंद कर दिया गया, जबकि बांदीपोरा-गुरेज मार्ग और मुगल रोड भी बंद कर दिए गए हैं।

दिल्ली में बृहस्पतिवार को पिछले तीन सालों में दिसंबर का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया, जब पारा 4.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। आयानगर और पूसा समेत दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर की स्थिति देखी गई, जहां तापमान क्रमशः 3.8 और 3.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे में लाहौल और स्पीति के गोंदला में बर्फबारी हुई। ऊपरी और आदिवासी इलाकों में शीतलहर जारी है। बुधवार रात लाहौल और स्पीति का ताबो सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ऊना दिन में सबसे गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

शिमला मौसम केंद्र ने अगले एक सप्ताह तक राज्य में शुष्क मौसम रहने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में भीषण ठंड का प्रकोप जारी है और सीकर जिले के फतेहपुर कस्बे में रात का सबसे कम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बुधवार रात सीकर शहर में पारा एक डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि चूरू और करौली में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटे में कुछ इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान जताया है।

हरियाणा के हिसार में बृहस्पतिवार को तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि राज्य और पड़ोसी पंजाब के कई स्थानों में भी ठंड का प्रकोप जारी है।

हरियाणा और पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में भी रात ठंडी रही और तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उधर, दक्षिणी राज्यों तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में बारिश हुई।

बृहस्पतिवार को तमिलनाडु के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई, जिसके कारण अधिकारियों ने चेन्नई और कई अन्य जिलों के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया।

कर्नाटक के बेंगलुरु और दक्षिणी आंतरिक तथा तटीय जिलों के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार को बारिश हुई, जिससे यातायात जाम हो गया।

आईएमडी ने कहा कि अगले 24 घंटे के दौरान बेंगलुरु शहर और आसपास के इलाकों में सामान्य तौर पर बादल छाए रहने तथा कुछ क्षेत्रों में मध्यम बारिश होने की संभावना है।

इस बीच, पश्चिम बंगाल में दार्जिलिंग 3.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को राज्य में न्यूनतम तापमान में गिरावट का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों में 13 दिसंबर तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 12, 2024 11:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).