बंगाल से पहली श्रमिक विशेष रेलगाड़ी राजस्थान के लिए रवाना
दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
कोलकाता, 17 मई पश्चिम बंगाल से पहली श्रमिक विशेष रेलगाड़ी रविवार को राजस्थान के बीकानेर के लिए रवाना हुई, वहीं महाराष्ट्र से फंसे श्रमिकों को लेकर एक रेलगाड़ी हावड़ा स्टेशन पहुंची।
दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
राजस्थान के फंसे लोगों को लेकर 24 डिब्बे वाली रेलगाड़ी दोपहर दो बजे शालीमार स्टेशन से रवाना हुई और यह मंगलवार को बीकानेर पहुंचेगी।
एसईआर रेलवे के प्रवक्ता संजय घोष ने बताया कि रेलवे ने पश्चिम बंगाल से चलने वाली पहली श्रमिक विशेष रेलगाड़ी के लिए 1608 लोगों को टिकट जारी किया।
रेलगाड़ी जैसे ही शालीमार स्टेशन से खुली, कई यात्रियों ने तालियां बजाईं और खुशी मनाई क्योंकि दो महीने तक फंसे होने के बाद वे अपने घर या कार्यस्थल के लिए रवाना होने से खुश नजर आए।
पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना से कई वर्ष पहले राजस्थान जाकर बस गए एक व्यक्ति ने बताया, ‘‘मैं यहां एक कार्यक्रम में शामिल होने आया था लेकिन लॉकडाउन के कारण फंस गया।’’
एक व्यवसायी यहां अपने परिवार के साथ फंसे हुए थे और राजस्थान लौटना चाहते थे। उन्होंने कहा कि श्रमिक विशेष रेलगाड़ी में टिकट मिलने से वह राहत महसूस कर रहे हैं।
घोष के मुताबिक यात्रियों को आईआरसीटीसी भोजन और पानी की सुविधा देगा।
उन्होंने कहा कि मुंबई के बांद्रा से एक श्रमिक विशेष रेलगाड़ी रविवार दोपहर साढ़े तीन बजे हावड़ा स्टेशन पहुंची जिसमें फंसे हुए श्रमिक एवं अन्य लोग सवार थे।
उन्होंने कहा कि यात्रियों के बसों में सवार होने से पहले पश्चिम बंगाल सरकार ने उनकी मेडिकल जांच की व्यवस्था की थी। राज्य सरकार ने प्रवेश और निकास द्वारों पर यात्रियों के लिए आवश्यक मेडिकल जांच की व्यवस्था की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 17, 2020 10:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

