देश की खबरें | वाहन वापस मांगने को लेकर हुए विवाद में देहरादून के रायपुर में गोलीबारी, एक की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. वाहन वापस मांगने को लेकर हुए विवाद में देहरादून के रायपुर क्षेत्र में गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गयी तथा दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
देहरादून, 17 जून वाहन वापस मांगने को लेकर हुए विवाद में देहरादून के रायपुर क्षेत्र में गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गयी तथा दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने यहां बताया कि रविवार की देर रात डोभाल चौक क्षेत्र में हुई इस वारदात के संबंध में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सागर उर्फ शंभू यादव ने 15 जून को ब्याज पर धन देने वाले दो भाइयों-देवेंद्र कुमार उर्फ सोनू भारद्वाज और मोनू भारद्वाज के पास एक वाहन गिरवी रखकर उनसे सवा चार लाख रुपये उधार लिए। इस वाहन का मालिक दीपक बडोला था जिसकी जानकारी और रजामंदी के बगैर वाहन को गिरवी रखा गया।
पुलिस के मुताबिक जब बडोला को इस बात की जानकारी हुई तो उसने यादव से अपना वाहन वापस मांगा जिस पर उसने अपशब्द बोलते हुए वाहन लौटाने से मना कर दिया। इसके बाद, बडोला ने सोनू और मोनू से अपना वाहन वापस करने को कहा तो उन्होंने भी उसकी गाड़ी देने से मना कर दिया।
पुलिस के अनुसार बडोला ने यह बात अपने परिचितों को बताई जिसके बाद वह और उसके दो परिचित-सुभाष क्षेत्री और मनोज नेगी वाहन मांगने के लिए सोनू के घर गए। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और सोनू, मोनू तथा उनके दोस्तों ने गोलीबारी शुरू कर दी जिसमें क्षेत्री और नेगी गंभीर रूप से घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों घायलों को उनके परिजनों ने पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि बडोला को पुलिस और उसके परिजन घटनास्थल पर रात भर तलाशते रहे लेकिन उसका पता नहीं चला। सुबह होने पर उसका शव डोभाल चौक के निकट नाले में पड़ा मिला।
गोलीबारी के आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने उनमें से तीन-सोनू भारद्वाज, मोनू भारद्वाज और शंभू यादव को गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना की गयी हैं।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307, 302 तथा 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)