देश की खबरें | उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सपा नेता के घर पर गोलीबारी; एक बच्चा समेत छह लोग घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. वाराणसी के दशाश्वमेध क्षेत्र के मीरघाट मोहल्ले में हथियारबंद बदमाशों ने समाजवादी पार्टी (सपा) नेता एवं पूर्व पार्षद के घर पर गोलीबारी की। हमले में एक बच्चा सहित छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
वाराणसी (उप्र), एक जुलाई वाराणसी के दशाश्वमेध क्षेत्र के मीरघाट मोहल्ले में हथियारबंद बदमाशों ने समाजवादी पार्टी (सपा) नेता एवं पूर्व पार्षद के घर पर गोलीबारी की। हमले में एक बच्चा सहित छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
इस मामले में संबंधित थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि सपा नेता विजय यादव के तहरीर पर पांच नामजद और 12 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
उसने शिकायत के हवाले से बताया कि सोमवार को अंकित यादव और उसके साथियों ने रंजिश को लेकर सपा नेता विजय यादव के घर पर धावा बोल दिया और गोलीबारी भी की।
शिकायत में कहा गया कि हमलावर पूरे परिवार को जान से मारने की नीयत से आये थे।
सपा नेता ने बताया कि छह वर्षीय बच्चे निर्भय यादव की दाईं जांघ में और किरन यादव तथा दिनेश यादव के पैर में गोली लगी है तथा उनकी पत्नी रंजनी यादव के सिर में चोट लगी है।
उन्होंने बताया कि धारदार हथियार से किए गए हमले में परिवार के उमेश यादव और शुभम उर्फ गोलू यादव भी घायल हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि घायलों का उपचार बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में कराया जा रहा है।
उसने बताया कि प्राथमिकी में अंकित यादव, गोविंद यादव, साहिल यादव, शोभित शर्मा समेत पांच लोगों के नाम हैं। पुलिस ने बताया कि अज्ञातों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने इस मामले में कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में दशाश्वमेध थाना प्रभारी राकेश पाल को निलंबित कर दिया है।
पुलिस उपायुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि पांच हमलावरों के खिलाफ नामजद और करीब 12 अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला करने समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत भी कार्रवाई होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2024 12:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

